Partition Horrors : विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर कार्यक्रम आज, विभाजन की पीड़ा बयां करेगी विशेष प्रदर्शनी
राज्यसभा सांसद नितिन नबीन होंगे मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे अध्यक्षता; राव इंद्रजीत सिंह व राव नरबीर सिंह की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति

Partition Horrors/गुरुग्राम
विभाजन विभीषिका (Partition Horror) स्मृति दिवस के अवसर पर आज 14 अगस्त को गुरुग्राम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (ओपन पार्किंग एरिया) में प्रातः 10 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। केंद्रीय मंत्री श्री राव इंद्रजीत सिंह तथा हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री श्री राव नरबीर सिंह की कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
Partition Horror :
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल पर मंच, दर्शक दीर्घा, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Partition Horror : प्रदेशभर से पहुंचेंगे लोग, विभाजन की स्मृतियों को साझा करने का बनेगा अवसर
कार्यक्रम के संयोजक ने बताया कि राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में आयोजित यह कार्यक्रम विभाजन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों की स्मृतियों को सम्मान देने के साथ-साथ उनके संघर्ष और साहस को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन में प्रदेशभर से लोगों की सहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का मजबूत संदेश दिया जाएगा।
Partition Horror : विभाजन की पीड़ा और संघर्ष की गाथा बयां करेगी विशेष प्रदर्शनी
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत आयोजन स्थल पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रदर्शनी में विभाजन से जुड़ी घटनाओं, विस्थापन की पीड़ा, प्रभावित परिवारों के संघर्ष तथा उस दौर में लोगों द्वारा दिखाई गई दृढ़ता और साहस को चित्रों एवं अन्य सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को देश के इतिहास के इस संवेदनशील अध्याय से परिचित कराते हुए उन्हें राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
Partition Horror :
डीसी उत्तम सिंह ने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सहभागी बनें और विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करें। उन्होंने कहा कि अतीत की त्रासदी को स्मरण करने का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे, सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है।
