Gurugram Blind Murder Case : 10 लाख की सुपारी और YouTube से सीखकर उतार दिया मौत के घाट, संजय शर्मा मर्डर केस में खुलासा

Gurugram Blind Murder Case : गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा (Crime Branch) पालम विहार ने सेक्टर-37D में हुए बहुचर्चित संजय शर्मा हत्याकांड की गुत्थी को पूरी तरह सुलझाते हुए एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इस ‘ब्लाइंड मर्डर’ में शामिल 5,000 रुपये के इनामी आरोपी मनविंदर उर्फ मूली को सोहना बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया है ।
पुरानी रंजिश और 10 लाख की सुपारी
इस हत्याकांड के पीछे व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता और पारिवारिक रंजिश की एक लंबी कहानी है । पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी गुरुदत्त शर्मा (निवासी रोहतक), जो देहरादून में कैफे चलाता है, मृतक संजय शर्मा का मौसेरा भाई था। वर्ष 2011-12 के दौरान दोनों का क्रेशर-बजरी का साझा व्यापार था, जो आपसी मनमुटाव के कारण बंद हो गया था। इसी खुन्नस में गुरुदत्त ने संजय की हत्या की साजिश रची।
गुरुदत्त ने इस काम के लिए मुजफ्फरनगर के एक बस चालक अनिल और मनविंदर उर्फ मूली को अपने साथ मिलाया और उन्हें रेकी व हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी।
YouTube से सीखे हत्या और बचने के तरीके
मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ यह है कि आरोपियों ने हत्या की योजना बनाने और वारदात के बाद पुलिस की पकड़ से बचने के लिए YouTube पर वीडियो देखकर ट्रेनिंग ली थी। उन्होंने बाकायदा योजना बनाई कि कैसे गाड़ी को टक्कर मारनी है और कैसे मौके से फरार होना है।
कैसे हुई हत्या ?
बीती 6 जनवरी को गुरुग्राम के सेक्टर 37डी इलाके में गुरुग्राम पुलिस को एक गाड़ी सड़क पर खड़ी मिलने की सूचना मिली जिसके बाद एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है । पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि बसई इंक्लेव निवासी संजय शर्मा (50 वर्ष) अपनी कार से सेक्टर-34 स्थित अपनी कैंटीन के लिए निकले थे । रामा पार्क, सेक्टर-37D के पास आरोपियों ने अपनी कार से संजय की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी ।
जैसे ही संजय शर्मा अपनी गाड़ी से नीचे उतरे, आरोपी गुरुदत्त शर्मा ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई ।सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-10 की टीम, सीन-ऑफ-क्राइम, डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुँची और जांच शुरू की।
अब तक गिरफ्तार हुए आरोपी और उनकी भूमिका
पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार करके इस ब्लाईंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने में बड़ी कामयाबी हासिल की । गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 1. गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर शर्मा (उम्र-56 वर्ष) निवासी गांव डहकोरा, जिला रोहतक (हरियाणा), 2. अनिल (उम्र 48 वर्ष), निवासी गांव कंडोरा, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी गुरुदत्त शर्मा को दिनांक 10.01.2026 को देहरादून (उत्तराखंड) से गिरफ्तार करके दिनांक 11.01.2026 को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 04 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया । वहीं आरोपी अनिल को दिनांक 12.01.2026 को मुजफ्फरनगर, उत्तर-प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि आरोपी गुरुदत्त शर्मा, देहरादून में कैफे चलाता है तथा मृतक संजय शर्मा इसकी (गुरूदत्त) मौसी का लड़का था। दोनों का वर्ष 2011-12 तक क्रेशर बजरी का संयुक्त व्यवसाय था, जो आपसी मनमुटाव के चलते बंद हो गया था। इसी रंजिश के चलते दोनों के बीच कई बार विवाद भी हुआ था। इसने अपने उपरोक्त साथी आरोपी अनिल एवं अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर मृतक की रेकी करवाई और पूर्व नियोजित योजना के तहत दिनांक 06.01.2026 को रामा पार्क, सेक्टर-37D के पास मृतक की गाड़ी को टक्कर मारी। जब मृतक गाड़ी से नीचे उतरा तो इसने (गुरुदत्त) गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।
Youtube से सीखा हत्या का तरीका
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा किया कि उपरोक्त वारदात को अंजाम देने की योजना ये काफी समय से बना रहे थे। आरोपी गुरुदत्त शर्मा, आरोपी अनिल को पिछले लगभग 10 वर्षों से जानता था। आरोपी अनिल, मुजफ्फरनगर में प्राइवेट बस चालक के रूप में कार्य करता है। गुरुदत्त शर्मा ने हत्या की वारदात को अंजाम देने व रेकी के लिए आरोपी अनिल को 10 लाख रुपये दिए थे ।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि हत्या की योजना बनाने एवं वारदात के बाद पुलिस से बचने के तरीकों के लिए इन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखकर जानकारी प्राप्त की और प्राप्त जानकारी के अनुसार साजिश रची ।
हत्या में ईनामी बदमाश का क्या था रोल ?
निरीक्षक जयबीर, इंचार्ज अपराध शाखा पालम विहार, गुरुग्राम के नेतृत्व में तथा अभियोग के अनुसंधानकर्ता उप-निरीक्षक अंकित व गठित पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए हत्या की वारदात को अंजाम देने में संलिप्त 01 आरोपी को दिनांक 02.03.2026 को बस स्टैंड सोहना, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनविंदर उर्फ मूली (उम्र-34 वर्ष) निवासी गांव रामपुर आटा जिला नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई है।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी मनविंदर द्वारा आरोपी गुरुदत्त शर्मा व आरोपी अनिल के साथ मिलकर संजय शर्मा (मृतक)की रेकी की व गुरुदत्त शर्मा के साथ मिलकर योजनानुसार जिस कार से मृतक संजय शर्मा की कार को टक्कर मारकर रोका था वह कार आरोपी मनविंदर उर्फ मूली चला रहा था जिसके कारण मृतक संजय शर्मा की कार रुकी व आरोपी गुरुदत्त उर्फ बालेश्वर शर्मा ने संजय शर्मा को गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया ।
आरोपी ने बताया कि इसकी व आरोपी गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर शर्मा की दोस्ती 04 साल पहले हुई थी व आरोपी गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर से आरोपी मनविंदर उर्फ मूली को रेकी करने व वारदात को अंजाम देने में के लिए आरोपी गुरुदत्त शर्मा से 10 लाख रूपये प्राप्त हुए थे।
5 हज़ार का ईनामी है आरोपी
उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम देने पर अभियोग में वांछित आरोपी मनविंदर उर्फ मूली पर गुरुग्राम पुलिस द्वारा 05 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था । आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, हत्या का प्रयास करने व शस्त्र अधिनियम के तहत जिला नूंह व गुरुग्राम में कुल 08 अभियोग अंकित है।
पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग में आरोपियों के कब्जा से वारदात में प्रयोग 01 कार, 01 देशी कट्टा व 01 लाख 28 हजार रूपये की नकदी बरामद कर चुकी है व अभियोग में अब तक आरोपी गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर , अनिल व मनविंदर उर्फ मूली सहित कुल 03 आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है।
आगामी पूछताछ के लिए आरोपी को न्यायालय में पेश कर 05 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से अभियोग में गहनता से पूछताछ की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।