Operation Lagam : पुलिस का ‘ऑपरेशन लगाम’ शुरू; अब ना चलेगी ना रील में गुंडागर्दी, ना रोड पर मनमानी

पलवल पुलिस का बड़ा एक्शन: पिछले 40 दिनों में 8,000 से अधिक वाहनों के चालान, रील्स पर हिंसा दिखाने वाले 6 लोगों पर FIR दर्ज

Operation Lagam : सोशल मीडिया पर ‘गैंगस्टर स्टाइल’ में रील्स बनाकर धौंस जमाने वालों और सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले बाइकर्स के खिलाफ पलवल पुलिस ने एक बड़ा मोर्चा खोल दिया है। जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने “ऑपरेशन लगाम – ना रील में गुंडागर्दी, ना रोड पर मनमानी” अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पिछले 40 दिनों के भीतर ही 8,000 से ज्यादा ट्रैफिक उल्लंघनकर्ताओं पर गाज गिरी है।

एसपी के निर्देश पर कसी जा रही ‘लगाम’ (Operation Lagam)

डीएसपी (ट्रैफिक) मनोज वर्मा ने बताया कि यह विशेष अभियान एसपी नीतीश अग्रवाल के दिशा-निर्देशों पर शुरू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़कों पर होने वाली हुल्लड़बाजी को रोकना और इंटरनेट पर हथियारों या हिंसा का महिमामंडन करने वाले युवाओं पर नकेल कसना है। पुलिस का साफ संदेश है कि रील्स के चक्कर में कानून को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।

SWAT टीमों की तैनाती और 6 FIR दर्ज

सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने और रैश ड्राइविंग करने वालों को पकड़ने के लिए पलवल पुलिस ने 5 विशेष टीमों का गठन किया है, जिनमें SWAT (स्वात) यूनिट्स भी शामिल हैं।

  • डिजिटल एक्शन: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और हिंसा को बढ़ावा देने वाली पोस्ट डालने के मामले में पुलिस अब तक 6 एफआईआर (FIR) दर्ज कर चुकी है।

  • काउंसलिंग: इसके साथ ही, दर्जनों सोशल मीडिया यूजर्स को चिन्हित कर उनकी काउंसलिंग की गई है और उन्हें कानूनी परिणामों की चेतावनी दी गई है।

  • थाना स्तर पर सख्ती: पुलिस के अनुसार, जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी स्थानीय थानों और पुलिस चौकियों को भी अपने-अपने इलाकों में कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Operation Lagam : इन नियमों को तोड़ने वालों पर हुई सबसे ज्यादा कार्रवाई

जिला पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 40 दिनों में कुल 8,050 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मुख्य रूप से इन मामलों पर शिकंजा कसा है:

  • शराब पीकर गाड़ी चलाना (ड्रंक एंड ड्राइव)।

  • बाइकों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ‘पटाखे’ छोड़ना और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल।

  • गाड़ियों पर अवैध रूप से रेड-ब्लू (लाल-नीली) बत्ती और काली फिल्म लगाना।

  • बिना नंबर प्लेट के वाहन दौड़ाना और सड़कों पर खतरनाक स्टंट करना।

पलवल पुलिस ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा ताकि आम जनता बिना किसी डर के सड़कों पर सुरक्षित सफर कर सके।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button