Overspeed Camera : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एग्जिट पॉइंट पर लगेगा नया सॉफ्टवेयर;समय से पहले निकले तो कटेगा चालान

1748 हादसों के बाद जागा NHAI, मौत की रफ्तार पर 'AI' का पहरा: अब कैमरे को धोखा देने वालों की खैर नहीं!

Overspeed Camera : अगर आप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (DME) पर रफ्तार के शौकीन हैं और कैमरों को चकमा देकर गाड़ी भगाते हैं, तो अब सावधान हो जाइए। एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे भीषण हादसों को रोकने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) अब तक का सबसे सख्त कदम उठाने जा रहा है। अब हाईवे पर लगे कैमरों के सॉफ्टवेयर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से अपडेट किया जा रहा है, जो पलक झपकते ही ओवरस्पीडिंग करने वालों को दबोच लेगा। अब चालान से बचने के लिए कैमरे के सामने स्पीड कम करने का ‘स्मार्ट फॉर्मूला’ काम नहीं आएगा।

कैमरों को चकमा देने का ‘खेल’ अब होगा खत्म : Overspeed Camera

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वर्तमान में अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय है। इसे नापने के लिए हर 10 किलोमीटर पर ‘व्हीकल स्पीड डिडक्शन सिस्टम’ (VSDS) यानी स्पीड कैमरे लगे हैं। लेकिन वाहन चालक बेहद शातिर तरीका अपना रहे थे; जहां कैमरा आता, वहां स्पीड कम कर लेते और कैमरा पार होते ही गाड़ी को 150-180 की रफ्तार पर दौड़ाने लगते थे।

अब NHAI इस चोर-सिपाही के खेल को खत्म करने जा रहा है। सभी एग्जिट पॉइंट्स (निकास द्वारों) पर लगे कैमरों को ऐसे सॉफ्टवेयर से लैस किया जा रहा है जो एंट्री और एग्जिट के बीच के समय को ऑटोमैटिक कैलकुलेट कर लेगा। अगर किसी वाहन ने दो पॉइंट के बीच की दूरी को 120 किमी/घंटे की औसत रफ्तार के तय मानक समय से पहले पूरा कर लिया, तो सॉफ्टवेयर तुरंत समझ जाएगा कि बीच रास्ते में गाड़ी हवा से बातें कर रही थी। ऐसे वाहनों का एग्जिट गेट पर पहुंचते ही सीधे ऑनलाइन चालान कट जाएगा।

डराने वाले हैं आंकड़े: हरियाणा हिस्से में ही 124 मौतें : Overspeed Camera

एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का यह पागलपन किस कदर जानलेवा साबित हो रहा है, इसका अंदाजा NHAI के इन चौंकाने वाले आंकड़ों से लगाया जा सकता है। फरवरी 2023 से लेकर पिछले महीने 20 अप्रैल तक, इस एक्सप्रेसवे के केवल हरियाणा वाले हिस्से में ही 1748 सड़क हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में जहां 1096 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, वहीं 124 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। हर महीने हजारों चालान कटने के बावजूद हादसों का यह ग्राफ नीचे नहीं आ रहा था, जिसके बाद यह सख्त फैसला लिया गया।

इस महीने के अंत तक पूरा हो जाएगा पूरा एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट : Overspeed Camera

देश की राजधानी दिल्ली को आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ने वाला यह बेहद महत्वाकांक्षी एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट अब अपने अंतिम चरण में है। एनएचएआई ने इस महीने के अंत तक पूरे प्रोजेक्ट को पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा है। पूरा रूट चालू होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी है

NHAI परियोजना निदेशक पीके कौशिक का कड़ा संदेश: “एक्सप्रेसवे पर अब पूरी तरह एआई (AI) तकनीक के आधार पर काम कराया जाएगा। जो भी वाहन तय समय से कम अवधि में एक्सप्रेसवे से एग्जिट करेगा, सॉफ्टवेयर स्वतः ही उसकी स्पीड की गणना कर चालान जनरेट कर देगा। यह व्यवस्था बेहद जल्द लागू होने जा रही है। लोग अपनी और दूसरों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”


हमारी अपील:
रफ्तार का रोमांच चंद मिनटों का होता है, लेकिन इसका अंजाम उम्र भर का दर्द दे जाता है। नए नियमों का सम्मान करें और सुरक्षित सफर का आनंद लें।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button