Gurugram की एक और इमारत में आई दरारें, मकान के पिलर और फर्श धंसी, चार मकानों को खाली करने का आदेश जारी

Gurugram के सुशांत लोक इलाके में चार मंजिला इमारत झुकने के बाद शहर में एक और चार मंजिला इमारत झुक गई है । दूसरी घटना गुरुग्राम के सेक्टर 31 में बगल के प्लॉट में नींव की खुदाई के दौरान मकान नंबर 769 एक तरफ झुकना शुरु हो गया । गनीमत रही कि किसी को कोई चोट नहीं लगी । मकान के झुकने की खबर जैसे ही जिला प्रशासन के पास पहुंची तुरंत ही राहत बचाव दल मौके पर पहुंचा और मकान को पूरी तरह से खाली करा लिया गया ।
सेक्टर 31 के प्लॉट नंबर 769 में बने चार मंजिला इमारत के पिलर बैठने, फर्श धंसने और चारों मंजिलों की दीवारों में दरारे आने के बाद जिला प्रशासन ने आसपास की चार और इमारतों को खाली कराने का निर्देश जारी कर दिया है । आसपास के इलाकों में रहने वाले 16 परिवारों को अचानक ही अपना मकान खाली करना पड़ा ।
आरोप है कि बगल की जमीन पर नींव की मिट्टी आगे से पीछे तक एक साथ खोद दी गई जिसकी वजह से साथ लगते मकान को सहारा नहीं मिल पाया और मकान करीब दो से ढाई इंच तक झुक गया । मकान नंबर 769 की स्टिल्ट पार्किंग से लेकर पहले, दूसरे, तीसरे और चौथे फ्लोर तक दीवारों में बड़ी बड़ी दरारें आ गईं ।
सुरक्षा के लिहाज से इस मकान में रह रहे लोगों को अपना मकान छोड़ना पड़ा । हालांकि अभी तक पड़ोसी के द्वारा इस मकान की मरम्मत या फिर दोबारा बनाने का कोई आश्वासन नहीं मिला है । जिला प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से मकान नंबर 764, 768, 769 और 771 को खाली कराने का निर्देश दे दिया है ।
