Rajiv Chowk पर एलिवेटेड फ्लाइओवर को मिली मंजूरी, NMT अंडरपास किए जाएंगे बंद

Rajiv Chowk : गुरुग्राम के राजीव चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण के लिए अलाइनमेंट को मंजूरी मिल चुकी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ( एन एच ए आई) द्वारा दिल्ली की ओर से सोहना और सोहना की ओर से दिल्ली जाने वाले यातायात के लिए सर्विस रोड से एलिवेटेड कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे।
यह जानकारी हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित जिला समन्वय समिति की 12वीं बैठक में दी गई । बैठक में ढेसी ने गुरुग्राम में चल रहे आधारभूत ढांचे, यातायात, पर्यावरण, पैदल यात्रियों की सुविधाओं और नागरिक सेवाओं से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा की ।
बैठक में राजीव चौक पर प्रस्तावित फ्लाईओवर, वायु गुणवत्ता की निगरानी, सीवेज के शोधित पानी के पुन: उपयोग, फुटपाथों के विकास, द्वारका एक्सप्रेसवे-पटौदी कनेक्टिविटी और सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
राजीव चौक पर फ्लाईओवर के लिए अलाइनमेंट मंजूर
बैठक में एनएचएआई के अधिकारी ने बताया कि गुरुग्राम के राजीव चौक पर यातायात जाम की समस्या को दूर करने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा । ये फ्लाइओवर दिल्ली से सोहना और सोहना से दिल्ली की ओर जाने के लिए सर्विस रोड़ से बनाए जाएँगे । अधिकारियों ने बताया कि दूरसंचार विभाग की जमीन से संबंधित विषय को सुलझाया जा रहा है और परियोजना के लिए मार्च 2027 तक टेंडर जारी किए जाने की संभावना है ।
परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली-सोहना के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा शहर के सबसे व्यस्त जंक्शनों में शामिल राजीव चौक पर यातायात दबाव कम होगा । एनएचएआई की ओर से राजीव चौक पर मौजूदा नॉन-मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट (एनएमटी) सुविधा को बंद करने का प्रस्ताव है ।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में इसका उपयोग नहीं हो रहा है और मानसून के दौरान यहां जलभराव की स्थिति भी बनती है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इसे बंद करने का निर्णय लिया गया है और इनके स्थान को सड़क में मिलाया जाएगा, जिससे राजीव चौक के दोनों ओर सड़क और चौड़ी हो जाएंगी ।
