Gurugram में Road Rage में हत्या ! साइड ना देने पर ऑटो चालक के सिर में मारी रॉड, अस्पताल में मौत

Road Rage : गुरुग्राम में सड़कों पर गाड़ी चलाते वक्त मामूली सी बातों पर झगड़ा होना आम बात हो गई है । सोमवार को गुरुग्राम में सड़क के बीचों बीच एक दिल दहला देने वाली घटना हुई जिसमें गाड़ी को साइड ना देने की मामूली सी बात पर एक टैक्सी चालक ने ऑटो चालक को सिर में लोहे की रॉड मार दी जिससे ऑटो चालक की मौत हो गई । इस मामले में पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है ।
साइड ना देने पर हुआ ‘मर्डर’
दरअसल सोमवार को रात करीब साढे नौ बजे के आसपास डूंडाहेड़ा के पास पीपल चौक पर साइड ना देने पर एक ऑटो चालक और टैक्सी चालक में कहासुनी होने लगी । कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई । इस दौरान टैक्सी चालक ने लोहे के रॉड से ऑटो चालक के सिर में जोरदार वार कर दिया और मौके से फरार हो गया । घायल ऑटो चालक को अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान ऑटो चालक की मौत हो गई । दोनों ड्राइवरों के बीच हुए इस झगड़े में आरोपी को भी सिर में चोटें लगी हुई हैं ।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि उद्योग विहार पुलिस थाने की टीम को सूचना मिली थी कि अरविन्द नाम का एक व्यक्ति घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुआ था जिसकी मृत्यु हो गई है । सूचना पाकर पुलिस टीम हॉस्पिटल पहुंची, जहां पर मृतक के भाई ने पुलिस टीम को बताया कि इसका भाई अरविन्द (उम्र-32 वर्ष) निवासी गाँव तौली, रायबरेली, उत्तर-प्रदेश वर्तमान निवासी झाड़सा, गुरुग्राम जो गुरूग्राम में ऑटो रिक्शा चलाता था।
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि इसको सूचना मिली कि इसके भाई का पीपल चौक के पास झगड़ा हो गया है। सूचना पाकर यह पीपल चौक पहुंचा तो इसको ज्ञात हुआ कि इसके भाई को झगड़े में चोट लगी है और उसको ईलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया जा चुका है। जब यह हॉस्पिटल पहुंचा तो हॉस्पिटल में इसका भाई होश में था, जिसने इसको बतलाया कि एक गाड़ी चालक के साथ साइड दबाने को लेकर इसका झगड़ा हो गया था।
झगड़े के दौरान उस गाड़ी चालक ने इसके सिर पर रॉड मारी तथा जान से मारने की धमकी देकर चला गया। झगड़े में लगी चोटों के कारण ईलाज के दौरान इसके भाई की मृत्यु हो गई। इस शिकायत पर थाना उद्योग विहार, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना उद्योग विहार, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में आरोपी को दिनांक 28.07.2026 को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान दलीप (उम्र-32 वर्ष) निवासी विजय नगर, मोहन गार्डन, उत्तम-नगर, पश्चिम दिल्ली के रूप में हुई।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि यह टैक्सी चलाने का काम करता है। दिनांक 27.07.2026 की रात को समय करीब 08 बजे सड़क पर साइड लेने को लेकर इसका (आरोपी) उपरोक्त अभियोग में मृतिक ऑटो-चालक (अरविन्द) के साथ झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान इसने ऑटो चालक के सिर में रॉड से चोट मार दी, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई । पुलिस टीम ने आरोपी द्वारा वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई लोहे की रॉड तथा 01 कार आरोपी के कब्जा से बरामद की गई है ।
