गुरुग्राम में आधी रात को Encounter, फायरिंग कर भाग रहा गैंगस्टर दीपक नांदल का शूटर पकड़ा

14 अप्रैल की रात करीब 12:50 बजे जब टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

Encounter  : Special Task Force (STF) टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल के शार्प शूटर को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान निवेश उर्फ डिल्ला (निवासी गांव जाजल, सोनीपत) के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर चार राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें दो पुलिस अधिकारी बाल-बाल बचे।

STF गुरुग्राम को 13 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि विदेश में छिपा गैंगस्टर दीपक नांदल अपने गुर्गे निवेश के जरिए गुरुग्राम के एक बड़े कारोबारी मयंक चावला के कार्यालय पर फायरिंग करवाने की साजिश रच रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए STF ने गांव बंधवाड़ी के पास नाकाबंदी की।

14 अप्रैल की रात करीब 12:50 बजे जब टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी द्वारा चलाई गई गोलियां एसआई विवेक और पी/एसआई विकास की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे उनकी जान बच गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे काबू कर लिया गया।

जांच में सामने आया है कि निवेश उर्फ डिल्ला दीपक नांदल गैंग का सक्रिय सदस्य है। वह हाल ही में कारोबारी मयंक चावला के कार्यालय पर हुई फायरिंग और करनाल की एक अन्य घटना में हथियार उपलब्ध कराने का मुख्य आरोपी है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद की है। आरोपी डीएलएफ फेज-1 थाने के एक पुराने मामले में भी वांछित था।

STF हरियाणा ने साफ कर दिया है कि राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button