MG Road की बदलेगी सूरत, मॉल्स के पास बनेंगे फुट ओवर ब्रिज, पैदल यात्रियों को मिलेगी जाम और हादसों से राहत
पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुगम ट्रैफिक पर जीएमडीए का जोर; अवैध अतिक्रमण और पार्किंग पर चलेगा चाबुक

MG Road/गुरुग्राम
गुरुग्राम की लाइफलाइन मानी जाने वाली एमजी रोड (MG Road) को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जाम-मुक्त बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने बड़े स्तर पर कवायद शुरू कर दी है। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पी.सी. मीणा ने सोमवार को अधिकारियों और स्थानीय आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ एमजी रोड (MG Road) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान सिकंदरपुर के जाम को खत्म करने के लिए अंडरपास या एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की संभावना तलाशने समेत कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान एमजी रोड (MG Road) की विभिन्न आवासीय सोसायटियों के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने सीईओ के समक्ष पैदल चलने वालों की सुरक्षा, अवैध पार्किंग, रखरखाव और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याएं उठाईं।
सिकंदरपुर में यातायात सुगम बनाने का मास्टर प्लान
सिकंदरपुर चौक पर ट्रैफिक के भारी दबाव को देखते हुए जीएमडीए सीईओ ने निर्देश दिए कि ट्रैफिक विशेषज्ञों की मदद से अध्ययन कराया जाए। यहां वाहनों की बेरोक-टोक आवाजाही के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी, जिसमें अंडरपास या एलिवेटेड कॉरिडोर में से जो भी सबसे उपयुक्त विकल्प होगा, उस पर काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा घिटोरनी की ओर से एमजी रोड के प्रवेश मार्ग की सड़कों, ग्रीन बेल्ट और ओवरऑल लुक को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इफको चौक का NHAI के साथ मिलकर होगा कायाकल्प
MG Road (एमजी रोड) के प्रमुख जंक्शन इफको चौक का निरीक्षण करते हुए श्री मीणा ने अधिकारियों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और ट्रैफिक विशेषज्ञों के साथ मिलकर समग्र सुधार योजना तैयार करने को कहा। योजना का मुख्य उद्देश्य चौक पर मौजूद संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए गाड़ियों और पैदल चलने वालों की आवाजाही को सरल बनाना है।
मॉल्स के सामने फुट ओवर ब्रिज और सुरक्षित पेडेस्ट्रियन क्रॉसिंग
MG Road (एमजी रोड) पर स्थित प्रमुख मॉल्स और व्यावसायिक केंद्रों के पास सुरक्षा के मद्देनजर फुट ओवर ब्रिज (FOB) बनाने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए तय क्रॉसिंग प्वाइंट्स और जेब्रा सिग्नल विकसित किए जाएंगे। दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल चिन्हित करने, अवैध होर्डिंग्स, तार और कंस्ट्रक्शन वेस्ट हटाने तथा पौधारोपण बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिक्रमण पर कसने लगा शिकंजा: पेट्रोलिंग टीमें गठित
फुटपाथों को पूरी तरह से पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जीएमडीए ने विशेष पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया है। यह टीमें एमजी रोड और आसपास के इलाकों में नियमित गश्त करेंगी और फुटपाथों या सड़कों पर दोबारा अतिक्रमण होने पर तत्काल सख्त कार्रवाई करेंगी।
