आज से Gurugram में शुरु होगा महातोड़फोड़ अभियान, 300 से ज्यादा PG निशाने पर, सड़कें और फुटपाथ भी होंगे क्लियर

Gurugram में आज से डीटीपी, नगर निगम, GMDA और HSVP विभाग मिलकर एक महा तोड़फोड़ अभियान शुरु करने जा रहे हैं । आज से गुरुग्राम की सड़कों पर, फुटपाथ पर अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी । इसको लेकर पिछले कई दिनों से गुरुग्राम जिला प्रशासन तमाम विभागों के साथ मिलकर प्लानिंग कर रहे थे । आज सुबह 9 बजे से ये अभियान गुरुग्राम में व्यापक स्तर पर शुरु किया जा रहा है ।
कब्जा करने वालों से वसूलेंगे तोड़फोड़ शुल्क
गुरुग्राम नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने बताया कि माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार गुरुग्राम की सड़कों और फुटपाथ पर किए हुए कब्जों को आज से हटाने का काम शुरु किया जाएगा । इसके साथ ही निगम कमिश्नर ने बताया कि जिनके कब्जों को हटाया जाएगा उन्ही कब्जाधारियों से तोड़फोड़ का खर्च वसूला जाएगा । गुरुग्राम में किसी भी कब्जाधारी को बक्शा नहीं जाएगा ।
300 से ज्यादा इमारतें भी रडार पर
नगर निगम कमिश्रनर ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार गुरुग्राम में बनाई गई अवैध इमारतों पर भी बुलडोज़र चलाया जाएगा । गुरुग्राम में लगभग ऐसी 300 इमारतों को चिन्हित किया गया है जिन्होने हरियाणा बिल्डिंग कोड के अनुसार इमारतों में उल्लंघना की है । साथ ही स्टिल्ट प्लस फोर इमारतों में जिन्होनें ओसी के अनुसार उल्लंघना की है उनकों भी इस तोड़फोड़ का सामना करना पड़ेगा ।
सबसे ज्यादा अवैध पीजी पर चलेगा बुलडोज़र
अधिकारियों का कहना है कि कई ग्रामीण इलाकों में अवैध रुप से पीजी बना लिए गए हैं जो कि 7-7 मंजिल तक बनाए गए हैं जिनकी वजह से इंफ्रास्ट्रक्चर पर अप्रत्याशित दबाव बढ़ रहा है । लोगों की जिंदगियों को खतरे में डाला जा रहा है । सुप्रीम कोर्ट ने इसी बात पर चिंता जताई है कि गुरुग्राम में बड़े स्तर पर अवैध निर्माणों को बढ़ावा मिला है । इसीलिए गुरुग्राम में आज से अवैध पीजी पर सबसे बड़ी कार्रवाई की जाएगी ।
