MCG Action: गुरुग्राम में गंदगी फैलाने पर बड़ी कार्रवाई ,जानें किन गलतियों पर निगम ने की सख्त कार्रवाई
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जलाने और धूल नियंत्रण मानकों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

MCG Action : साइबर सिटी गुरुग्राम को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम (MCG) ने कमर कस ली है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 8 दिनों (20 जनवरी से 28 जनवरी) के भीतर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर गाज गिरी है। निगम की टीमों ने अलग-अलग वार्डों में कार्रवाई करते हुए 317 चालान काटे और 4 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला।
नगर निगम की रिपोर्ट के अनुसार, सबसे अधिक कार्रवाई प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलीथिन के उपयोग पर हुई है। अकेले पॉलीथिन के मामले में 203 चालान किए गए, जिनसे 1,21,000 रुपये का जुर्माना एकत्रित किया गया। निगम का लक्ष्य शहर को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाना है।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जलाने और धूल नियंत्रण मानकों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, कचरा जलाने से न केवल वायु गुणवत्ता (AQI) खराब होती है, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है। निर्माण स्थलों पर धूल को रोकने के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्माण सामग्री को ढककर रखें, गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डालें और प्लास्टिक की जगह कपड़े के थैलों का उपयोग करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आने वाले दिनों में और भी तेज किया जाएगा।

निगम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, उल्लंघनकर्ताओं पर निम्नलिखित श्रेणियों में कार्रवाई की गई:

| उल्लंघन का प्रकार | चालान की संख्या | जुर्माने की राशि (₹) |
| पॉलीथिन उपयोग | 203 | 1,21,000 |
| अवैध निर्माण कार्य | 07 | 1,10,000 |
| कचरा जलाना (Garbage Burning) | 12 | 60,000 |
| सीएंडडी वेस्ट डंपिंग (मलबा) | 25 | 59,500 |
| डस्टबिन न रखना/गंदगी फैलाना | 52 | 26,000 |
| पानी की बर्बादी | 07 | 14,000 |
| खुले में कचरा फेंकना | 10 | 5,000 |









