Marriage Registration : क्रिकेटर शिखर धवन ने गुरुग्राम में रजिस्टर्ड कराई मैरिज ,देखें तस्वीरें
बुधवार को विकास सदन पहुँचने के दौरान शिखर धवन नीले रंग की कैजुअल शर्ट और चश्मे में अपने चिर-परिचित 'गब्बर' अंदाज में कूल नजर आए।

Marriage Registration : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ओपनर शिखर धवन ने अपनी निजी जिंदगी के नए अध्याय को आधिकारिक रूप दे दिया है। बुधवार को शिखर धवन अपनी पत्नी सोफी शाइन के साथ गुरुग्राम के विकास सदन स्थित मैरिज रजिस्ट्रेशन ऑफिस पहुंचे, जहाँ दोनों ने कानूनी तौर पर विवाह के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।
शिखर धवन और सोफी शाइन ने इसी साल 21 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में एक निजी समारोह में शादी की थी। उस समय इस विवाह को काफी गुप्त रखा गया था, लेकिन बाद में युजवेंद्र चहल जैसे करीबी दोस्तों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों से यह बात सार्वजनिक हुई। अब इस रिश्ते को कानूनी मान्यता दिलाने के लिए इस जोड़े ने गुरुग्राम कोर्ट का रुख किया।

बुधवार को विकास सदन पहुँचने के दौरान शिखर धवन नीले रंग की कैजुअल शर्ट और चश्मे में अपने चिर-परिचित ‘गब्बर’ अंदाज में कूल नजर आए। वहीं, उनकी पत्नी सोफी शाइन भारतीय लिबास में बेहद सुंदर लग रही थीं।
मैरिज क्लर्क के सामने दस्तावेजों पर साइन करने के दौरान उनके साथ पंडित और परिवार के कुछ सदस्य भी मौजूद थे। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शिखर ने वहां मौजूद प्रशंसकों के साथ संक्षिप्त बातचीत की और अपनी सिग्नेचर मुस्कान के साथ विदा हुए।
सोफी शाइन मूल रूप से आयरलैंड की रहने वाली हैं। उन्होंने लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से ग्रेजुएशन और मार्केटिंग व मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की है। वह यूएई में ‘नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉर्पोरेशन’ में सेकंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्य कर चुकी हैं।
वर्तमान में वह शिखर धवन फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। दोनों की मुलाकात दुबई में हुई थी और मई 2025 में उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था।
शिखर धवन ने अगस्त 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन वह लीजेंड्स लीग जैसे टूर्नामेंटों में अब भी सक्रिय हैं। पिछले कुछ सालों के मानसिक तनाव और कानूनी लड़ाइयों के बाद, शिखर अब अपनी नई वैवाहिक जिंदगी और सामाजिक कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।