Manesar News : खोह गांव में सवा तीन करोड़ रुपए के विकास कार्यों का मेयर ने किया शिलान्यास

Manesar News : नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने मंगलवार को वार्ड-13 में करीब तीन करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से होने वाले तीन प्रमुख विकास कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने विधिवत नारियल फोड़कर चौपाल निर्माण, गांव खोह में जोहड़ के जीर्णोद्धार एवं पुनर्विकास और गांव नाहरपुर कासन के एसटीपी से खोह गांव की पहाड़ी तक संशोधित पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ किया।

नगर निगम चौपाल के निर्माण पर 50 लाख रुपये, जोहड़ पर 47 लाख रुपये और एसटीपी पाइपलाइन पर 2 करोड़ 31 लाख रुपये खर्च करेगा। कार्यक्रम में पार्षद रविंद्र यादव, नगर निगम के एक्सईएन मंदीप धनखड़ सहित अन्य स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे ।

मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को भी योजनाओं का हिस्सा बना रहा है। उन्होंने कहा कि नाहरपुर कासन स्थित एसटीपी से निकलने वाले संशोधित पानी का सदुपयोग करके प्राकृतिक जलस्तर बढ़ाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

पाइपलाइन के माध्यम से एसटीपी का शोधित पानी गांव खोह की पहाड़ी तक पहुंचाया जाएगा। वहां इस पानी को जोहड़ों और अन्य जल संरचनाओं में एकत्रित किया जाएगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा और वर्षा जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। निगम की यह परियोजना भविष्य में जल संकट से निपटने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगी।

गांव खोह का जोहड़ लंबे समय से पुनर्विकास की आवश्यकता महसूस कर रहा था। 47 लाख रुपये की लागत से इसके जीर्णोद्धार के बाद जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी, आसपास का वातावरण बेहतर होगा। साथ ही चौपाल निर्माण से गांव के लोगों सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधा मिलेगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। जनता के पैसों से होने वाले प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤