Mumbai Expressway पर ट्रक से स्टंट करने वाला गिरफ्तार, पुलिस ने सिखाया सबक
जांच टीम ने वीडियो के आधार पर ट्रक के नंबर की पहचान की। जांच में सामने आया कि आरोपी चालक साबिर, राजस्थान के अलवर (नौगांव) का रहने वाला है। फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साबिर को गिरफ्तार कर लिया है।

Mumbai Expressway पर अपनी रफ्तार और लापरवाही से दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले एक ट्रक चालक को नूंह पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक विशाल ट्रक कंटेनर को खतरनाक तरीके से लहराते हुए देखा गया। पुलिस ने इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 3 फरवरी की शाम करीब 4 बजे की है। एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 74 (रीगड़ गांव के पास) पर एक ट्रक चालक बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था। वह न केवल तेज गति में था, बल्कि सड़क पर खतरनाक स्टंट भी कर रहा था। पीछे चल रहे किसी यात्री ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

जांच टीम ने वीडियो के आधार पर ट्रक के नंबर की पहचान की। जांच में सामने आया कि आरोपी चालक साबिर, राजस्थान के अलवर (नौगांव) का रहने वाला है। फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साबिर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की चेतावनी पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन और लापरवाही से वाहन चलाने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया एक्सप्रेस-वे पर इस तरह की हरकतें बड़े हादसों को न्योता देती हैं। गनीमत रही कि उस समय कोई दुर्घटना नहीं हुई। नूंह पुलिस सोशल मीडिया पर पैनी नजर रख रही है और नियमों को तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।










