Gurugram Metro स्टेशन के नीचे बनेगा अंडरपास, गुरुग्राम के बख्तावर चौक का बदलेगा नक्शा
मेट्रो स्टेशन और अंडरपास का अनूठा संगम इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि यह अंडरपास सीधे तौर पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़ा है।

Gurugram Metro : साइबर सिटी गुरुग्राम के व्यस्ततम इलाकों में से एक बख्तावर चौक (सेक्टर-38) पर सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने इस चौक पर प्रस्तावित 6-लेन के अंडरपास निर्माण के लिए गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया है।
मेट्रो स्टेशन और अंडरपास का अनूठा संगम इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि यह अंडरपास सीधे तौर पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़ा है। योजना के अनुसार, सेक्टर-47 मेट्रो स्टेशन का निर्माण इसी अंडरपास के ऊपर किया जाएगा। खास इंजीनियरिंग डिजाइन के तहत अंडरपास और मेट्रो स्टेशन के पिलर साझी होंगे। पिछले साल मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह तय किया गया था कि निर्माण की जिम्मेदारी GMRL की होगी।

जाम से मिलेगी राहत
यह अंडरपास लगभग एक किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें दोनों तरफ 3-3 लेन होंगी। मुख्य मार्ग के अलावा दोनों किनारों पर 2-2 लेन की सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। वाहन चालकों की सुविधा के लिए अंडरपास के ऊपर यू-टर्न का प्रावधान रखा गया है, जिससे स्थानीय आवाजाही सुगम होगी। निर्माण शुरू होने से पहले वैकल्पिक मार्ग के तौर पर दो लेन का रास्ता तैयार किया जाएगा ताकि ट्रैफिक बाधित न हो।

मेट्रो रूट पर बनेंगे कई अन्य अंडरपास बख्तावर चौक के अलावा ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट पर कुल सात अंडरपास और फ्लाईओवर प्रस्तावित हैं। GMRL बख्तावर चौक के साथ-साथ कृष्णा चौक पर भी अंडरपास बनाएगा। इसके अतिरिक्त उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाईओवर का जिम्मा NHAI को सौंपा गया है। बाबा प्रकाशपुरी चौक, शीतला माता रोड और रेजांगला चौक जैसे प्रमुख पॉइंट्स पर भी भविष्य में अंडरपास की योजना है।
GMDA से मंजूरी मिलने के बाद, उम्मीद जताई जा रही है कि अगले एक से दो महीनों के भीतर मौके पर निर्माण कार्य (बेरीकेडिंग) शुरू कर दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से सोहना रोड और हुडा सिटी सेंटर की ओर जाने वाले ट्रैफिक को बड़ी राहत मिलेगी।










