Greater SPR का काम जल्द होगा शुरु, इन 6 गांवों की 160 एकड़ ज़मीन के लिए आज 1000 करोड़ का सुनाया जाएगा अवॉर्ड

Greater SPR : गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम को खत्म करने की ओर एक कदम आज बढाया जाएगा । प्रस्तावित ग्रेटर एसपीआर के निर्माण कार्य को लेकर आज यानि कि शुक्रवार को 6 गांवों की 160 एकड़ जमीन के लिए जमीन अधिग्रहण का अवॉर्ड सुनाया जाएगा । इस 160 एकड़ जमीन की एवज में लगभग 1000 करोड़ रुपए के मुआवजे का एलान किया जाएगा ।
यह मुआवजा न्यूनतम छह करोड़ रुपये से लेकर अधिकतम नौ करोड़ रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से दिया जाएगा। साल 2013 में भूमि अधिग्रहण विभाग ने इस मुख्य सड़क के निर्माण के लिए गांव बहरामपुर की 26.38 एकड़, उल्लावास की 17.181 एकड़, कादरपुर की 76.937 एकड़, मैदावास की 49.775 एकड़, धुमसपुर की 54.481 एकड़, बादशाहपुर की 51.681 एकड़ जमीन के मालिकों को अधिग्रहण के नोटिस जारी किए थे।
यह जमीन करीब 276 एकड़ है। इस जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पर सर्वोच्च न्यायालय का स्टे आ गया था। पिछले साल सर्वोच्च न्यायायल ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के पक्ष में फैसला सुना दिया। इसके बाद एचएसवीपी ने इस जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया को दोबारा शुरू कर दिया।
हरियाणा सरकार ने साल 2013 से लेकर साल 2026 के बीच में रियल एस्टेट कंपनियों को इस जमीन में से करीब 116 एकड़ जमीन के बदले में टीडीआर (ट्रांसफरेबल डिवेलपमेंट राइट्स) दे दी, जिससे यह जमीन हरियाणा सरकार के पास आ गई। अब करीब इन गांवों की करीब 160 एकड़ जमीन का अवॉर्ड सुनाया जाएगा।
साल 2011 से 2013 में खेतीहर जमीन की तहसील में सर्वाधिक किस रेट के आधार पर रजिस्ट्री हुई। इन गांवों में रजिस्ट्री किस रेट के आधार पर हुई थी,औसत निकाला जाएगा। साल 2013 में कलेक्टर रेट क्या था। इन दोनों में से जो राशि अधिक होगी, इसी आधार पर मुआवजा मिलेगा। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में विचाराधीन रहे मुकदमे के दौरान का जमीन अधिग्रहण राशि की एवज में ब्याज नहीं दिया जाएगा।
