Gurugram में वाहन चेकिंग के बदले नियम, कमिश्नर का नया फरमान जारी

पुलिस कमिश्नर द्वारा इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने और इनकी सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए गए हैं।

Gurugram  के निवासियों और दिल्ली-एनसीआर के वाहन चालकों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। गुरुग्राम के नवनियुक्त पुलिस आयुक्त (Police Commissioner) शिवास कविराज (IPS) ने पुलिसिंग में बड़ा बदलाव करते हुए एक ऐतिहासिक और कड़ा फैसला लिया है। अब गुरुग्राम की सड़कों पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ऐसे किसी भी वाहन को नहीं रोकेगी, जिसमें कोई बच्चा, महिला या बुजुर्ग सवार हो।

पुलिस आयुक्त ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि वाहन चेकिंग का उद्देश्य आम जनता को परेशान करना या महज चालान काटना नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका एकमात्र फोकस अपराध नियंत्रण (Crime Control) होना चाहिए।

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 मई 2026 को पुलिस आयुक्त श्री शिवास कविराज की अध्यक्षता में एक बेहद महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक में पुलिस उपायुक्त (DCP) यातायात गुरुग्राम, सभी सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) यातायात, यातायात निरीक्षक (Traffic Inspectors) और सभी थानों के यातायात प्रबंधक विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में सड़कों पर लगने वाले लंबे जाम, चेकिंग के नाम पर होने वाली उगाही की शिकायतों और आम जनता से पुलिस के व्यवहार को लेकर गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की कि आमतौर पर पुलिस कर्मी सड़कों पर ऐसे वाहनों को भी रोक लेते हैं जिनमें सपरिवार लोग यात्रा कर रहे होते हैं। तेज धूप, गर्मी या आपातकालीन स्थिति में जब गाड़ियों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग होते हैं, तो पुलिसिया चेकिंग के कारण उन्हें भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे आम जनता के मन में पुलिस के कार्यों के प्रति एक नकारात्मक छवि (Negative Image) बनती है।

पुलिस का काम जनता की सुरक्षा करना और उन्हें भयमुक्त माहौल देना है, न कि उनके सफर में रुकावट पैदा कर उन्हें डराना। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों वाले वाहनों को बिल्कुल न रोका जाए।

 शिवास कविराज, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यातायात पुलिस द्वारा की जाने वाली नाकेबंदी और चेकिंग का स्वरूप अब पूरी तरह बदला जाएगा। इसे व्यापक रूप से सिर्फ और सिर्फ क्राइम कंट्रोल की दृष्टि से संचालित किया जाएगा। संदिग्ध वाहनों, बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों, और हुड़दंगियों पर तो सख्त कार्रवाई होगी, लेकिन आम कामकाजी या पारिवारिक लोगों को बेवजह कतारों में नहीं खड़ा किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त गुरुग्राम द्वारा इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू करने और इनकी सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई पुलिसकर्मी या यातायात अधिकारी इस आदेश का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

गुरुग्राम पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि उनका उद्देश्य शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने के साथ-साथ साइबर सिटी को पूरी तरह से सुरक्षित, सुगम और भयमुक्त बनाना है। प्रशासन के इस मानवीय और संवेदनशील कदम की आम जनता और सामाजिक संगठनों ने जमकर सराहना शुरू कर दी है। (Gurugram)

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button