How To Find Lost Mobile : गुम हुआ मोबाइल ऐसे मिलेगा ! गुरुग्राम पुलिस ने 50 लाख के फोन ढूंढ निकाले
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन को ढूंढने और उन्हें उनके मालिकों को लौटाने में एक सराहनीय सफलता हासिल की है ।

How To Find Lost Mobile : आज के समय में हर एक व्यक्ति के हाथ में मोबाइल है लेकिन अगर आपका मोबाइल गुम हो जाए और आप चाहते हैं कि पुलिस आपके मोबाइल को जल्द ढूंढ लें तो आपको भी इसके लिए कुछ करना होगा । पुलिस में तो आपको शिकायत करनी ही होगी लेकिन इसके अलावा भी आपको एक वेबसाइट पर अपने मोबाइल का IMEI नंबर रजिस्टर करना होगा ।
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन को ढूंढने और उन्हें उनके मालिकों को लौटाने में एक सराहनीय सफलता हासिल की है । गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर विकास कुमार अरोड़ा आईपीएस के निर्देशानुसार, गुरुग्राम पुलिस CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और अपनी तकनीकी विशेषज्ञता का उपयोग करके इस महत्वपूर्ण कार्य को अंजाम दे रही है।
50 लाख रुपये के फोन हुए बरामद
डीसीपी वेस्ट करन गोयल के मार्गदर्शन और नेतृत्व में, सहायक उप-निरीक्षक अमित कुमार, इंचार्ज साइबर सेल पश्चिम, गुरुग्राम की टीम ने मई और जून 2025 के दौरान विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हुई 186 मोबाइल फोन गुमशुदगी की शिकायतों पर कार्रवाई की । CEIR पोर्टल और पुलिस की तकनीकी सहायता से इन सभी फोनों को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया है। बरामद किए गए इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये बताई गई है।
गुम हो जाए मोबाइल तो क्या करें ?
अगर आपका मोबाइल चोरी या गुम हो जाता है और आप चाहते हैं कि आपका मोबाइल मिल जाए तो आपको क्या करना है इसके बारे में गुरुग्राम पुलिस ने जानकारी दी है । गुरुग्राम पुलिस आम जनता से अपील की है कि जब भी उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए, तो सबसे पहले संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं और फिर www.ceir.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल फोन का IMEI नंबर ब्लॉक करें । ऐसा करने से आपके गुम हुए मोबाइल फोन को ढूंढने में पुलिस को मदद मिलेगी और आपक मोबाइल मिल भी सकता है ।
CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित एक नागरिक केंद्रित पोर्टल है । यह पोर्टल मोबाइल फोन उपकरणों को उनके अंतर्राष्ट्रीय मोबाइल उपकरण पहचान (IMEI) नंबरों का उपयोग करके प्रबंधित और ट्रैक करने के लिए बनाया गया है । यदि आपका मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है, तो आप CEIR पोर्टल के माध्यम से अपने गुम हुए मोबाइल फोन के IMEI को ब्लॉक करा सकते हैं ।