Highest Civilian Honour : आपने भी किया है कोई विशिष्ट कार्य तो आपके पास है पद्म पुरस्कार पाने का मौका, ऐसे करें आवेदन !

Highest Civilian Honour : हरियाणा सरकार द्वारा पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री सहित प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की सिफारिशों के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए  हैं। सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शुमार इन पुरस्कारों की घोषणा 26 जनवरी, 2027 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाएगी ।

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि इन पद्म पुरस्कारों के लिए सिफारिशें political 2.hry@gmail.com या hrathee.cso@hry.gov.in पर 10 जून, 2026 तक भेजी जा सकती हैं । केन्द्र सरकार द्वारा केवल ऑनलाइन पोर्टल https://awards.gov.in के माध्यम से भेजे गए नामांकन ही स्वीकार किये जाएँगे । इन पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन/सिफारिशें 15 मार्च, 2026 से शुरू हो चुकी हैं और नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 है।

उन्होंने बताया कि पद्म पुरस्कारों, अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री, को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार माना जाता है। वर्ष 1954 में शुरू हुए इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य “विशिष्ट कार्य” को सम्मानित करना है। ये सम्मान कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण और विशिष्ट उपलब्धियों अथवा सेवाओं के लिए दिए जाते हैं। ये पुरस्कार जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के आधार पर बिना किसी भेदभाव के, सभी व्यक्तियों के लिए हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि पद्म पुरस्कारों के लिए सभी नामांकन/सिफारिशें केवल ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in के जरिए ही स्वीकार की जाएंगी। नामांकन या सिफारिशों में इस पोर्टल पर उपलब्ध निर्धारित प्रारूप में सभी आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से भरते हुए उस व्यक्ति की अपने क्षेत्र में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों या सेवाओं का पूरा विवरण दिया जाना आवश्यक है। ऑनलाइन सिफारिश करने की प्रक्रिया से संबंधित सभी चरण पोर्टल पर उपलब्ध हैं। इन पुरस्कारों से संबंधित अधिनियम और नियमों की प्रति भी वेबसाइट https://padmaawards.gov.in पर उपलब्ध है।

 

उन्होंने बताया कि  चिकित्सकों और वैज्ञानिकों को छोड़कर, सरकारी कर्मचारी और सार्वजनिक उपक्रमों में काम करने वाले कर्मचारी पद्म पुरस्कार के लिए पात्र नहीं हैं।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button