Haryana के नगर निगमों को विकास कार्यो के लिए 157 करोड़ रुपये मंजूर, कैबिनेट की मुहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सराहनीय कार्य करने वाले वेंडरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि समय पर सही कार्य न करने वाले वेंडरों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Haryana: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी (स्थानीय निकाय) की बैठक में शहरी विकास और स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में रखे गए 22 एजेंडों में से ₹157 करोड़ रुपए से अधिक के 18 कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। इन कार्यों को आवंटित करने की प्रक्रिया में राज्य सरकार को लगभग ₹7 करोड़ 91 लाख रुपए की बड़ी बचत हुई है। मुख्यमंत्री ने बैठक में विशेष रूप से स्वच्छता और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर जोर दिया।
डोर-टू-डोर कूड़ा उठाना: 11 नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में घर-घर कूड़ा उठाकर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए ₹13 करोड़ 70 लाख रुपए के कार्यों को मंजूरी दी गई।
सीवरेज और अपशिष्ट प्रबंधन: पानीपत में नवीनतम तकनीक से सीवरेज लाइनों की सफाई और अवरुद्ध पाइप लाइनों को ठीक करने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा, सिवानी, हिसार, बरवाला सहित कई नगर पालिकाओं के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के कार्यों पर सहमति बनी।
अन्य निकाय: बावल, पलवल, हांसी, जींद, सोहना, पटौदी, झज्जर, होडल, गुरुग्राम, बंधवाड़ी और रोहतक नगर निगम व नगर परिषदों में भी सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए कार्य अलॉट किए गए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्थानीय निकायों में पूर्ण स्वच्छता बनाए रखी जाए और अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी वेंडर निर्धारित मानकों के अनुसार ई-रिक्शा, ट्रैक्टर और डम्परों जैसे संसाधनों का उपयोग करें और घर-घर कूड़ा उठाने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित रूप से घरों से निकलने वाले कूड़े की छंटनी और उसके सही निस्पादन पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सराहनीय कार्य करने वाले वेंडरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि समय पर सही कार्य न करने वाले वेंडरों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल, लोक निर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी सहित स्थानीय निकाय विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









