Gurugram के लिए हरियाणा कैबिनेट की सौगात ! गुरुग्राम में दौड़ेंगी 100 नई इलेक्ट्रिक बसें, 25 CNG बसों को भी मिली मंजूरी

Gurugram : मंगलवार को हरियाणा कैबिनेट मंत्रीमंडल की बैठक में गुरुग्राम को बड़ी सौगात दी गई है । बसों से सफर करने वालों के लिए सरकार ने करोड़ों की नई सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की मंजूरी दे दी है । जिसके बाद गुरुग्राम सिटी बस बेड़े में नई बसें शामिल की जाएंगी । अब गुरुग्राम में बसों में सफर करने वालों का सफर और आसान हो जाएगा ।

गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के निदेशक मंडल की 40वीं बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक में शहर की सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा बस बेड़े को बेहतर बनाने और यात्रियों की सुविधाओं में विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

25 नई CNG बसों को मिली मंजूरी

बैठक में जीएमसीबीएल के बेड़े में 25 नई मानक फर्श (स्टैंडर्ड फ्लोर) वाली बीएस-6 सीएनजी बसों को शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। 12 मीटर लंबी इन बसों में 36 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। ये बसें वर्तमान में संचालित उन 25 बसों का स्थान लेंगी, जिनकी उपयोगी परिचालन अवधि लगभग पूरी हो गई है। नई बसों के शामिल होने से सार्वजनिक परिवहन सेवा और अच्छी होगी और यात्रियों को बेहतर एवं आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।

जल्द मिलेंगी इलेक्ट्रिक बसें

बैठक में जीएमसीबीएल के बेड़े में शामिल की जाने वाली इलेक्ट्रिक बसों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि पहली पूर्ण वातानुकूलित (एयर कंडीशंड) 25 सीटर इलेक्ट्रिक बस जीएमसीबीएल को प्राप्त हो चुकी है, जिसका जल्द ही ट्रायल शुरू किया जाएगा। यह गुरुग्राम के लिए प्रस्तावित इलेक्ट्रिक बसों के नए बेड़े की पहली बस है। इसके अलावा शीघ्र ही 24 और इलेक्ट्रिक बसें जीएमसीबीएल के बेड़े में शामिल की जाएंगी।

इस प्रकार विभिन्न चरणों में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें शामिल किए जाने की योजना है, जिससे शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा यात्रियों को स्वच्छ, आधुनिक, आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल यात्रा का अनुभव मिलेगा।

UPI से खरीद सकेंगे टिकट

जीएमसीबीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वजीत चौधरी ने बैठक में बताया कि अब जीएमसीबीएल की सभी बसों में यात्री किसी भी यूपीआई आधारित एप्लीकेशन के माध्यम से किराए का भुगतान कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि डिजिटल भुगतान में लगातार वृद्धि हो रही है और वर्तमान में कुल किराया संग्रह का लगभग 30 प्रतिशत भुगतान डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है, जो यात्रियों के बीच कैशलेस भुगतान की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है।

बैठक में निदेशक मंडल ने गुरुग्राम की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि बस बेड़े के विस्तार, स्वच्छ एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने तथा तकनीक आधारित यात्री सुविधाओं के माध्यम से शहरवासियों को सुरक्षित, विश्वसनीय, कुशल और यात्री-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराया जाएगा।

इस बैठक में हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एचएसआईआईडीसी) के प्रबंध निदेशक सुशील सरवान, नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया, उपायुक्त गुरुग्राम उत्तम सिंह, जीएमसीबीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वजीत चौधरी, पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत, जीएमसीबीएल के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र कुमार, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।ये बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आयोजित की गई थी ।

 

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤