Action Plan: सर्दियों में दमघोंटू हवा से निपटेगा गुरुग्राम, MCG का एक्शन प्लान तैयार, 396 KM सड़कों का कायाकल्प
प्रदूषण नियंत्रण के लिए नगर निगम की समीक्षा बैठक: 24 स्वीपिंग मशीनों से रात में होगी सफाई, 31 ट्रैफिक हॉटस्पॉट चिन्हित

Action Plan/गुरुग्राम
सर्दियों के मौसम में दिल्ली-एनसीआर में गहराने वाले वायु प्रदूषण से निपटने के लिए गुरुग्राम नगर निगम (MCG) ने अभी से कमर कस ली है। आगामी ग्रैप (GRAP) लागू होने से पहले शहर की हवा को साफ रखने के लिए बहुस्तरीय एक्शन प्लान (Action Plan) तैयार किया गया है। इसमें सड़कों से उड़ने वाली धूल पर लगाम, एयर क्वालिटी की रियल-टाइम मॉनीटरिंग, निर्माण कचरे (C&D Waste) का वैज्ञानिक निस्तारण और ट्रैफिक जाम खत्म करने के विशेष लक्ष्य शामिल हैं।
हाल ही में निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों को ग्रैप की पाबंदियों से पहले संसाधन और तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
रात में होगी सड़कों की मैकेनिकल सफाई, 8 होंगे मॉनीटरिंग स्टेशन : Action Plan
शहर में प्रदूषण के सबसे बड़े कारणों में से एक सड़कों की धूल को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम ने 404 किलोमीटर से अधिक लंबे सड़क नेटवर्क को चिन्हित किया है।
24 हाई-टेक मशीनें तैनात: निगम के बेड़े में मौजूद 24 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के जरिए रोजाना 600 किलोमीटर से अधिक चार-लेन सड़कों की सफाई का खाका खींचा गया है।
नाइट शिफ्ट में सफाई: धूल का गुबार हवा में न फैले, इसके लिए मशीनों का संचालन मुख्य रूप से रात 9 बजे से सुबह 7 बजे के बीच किया जाएगा।
निगरानी का दायरा बढ़ा: शहर में वायु गुणवत्ता का सटीक डेटा जुटाने के लिए मौजूदा 3 एयर मॉनीटरिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाकर 8 करने का लक्ष्य तय किया गया है।
सीएंडडी वेस्ट पर सख्त नजर, वेब कैमरों से निगरानी : Action Plan
निर्माण और विध्वंस (C&D) से निकलने वाले मलबे के निस्तारण के लिए गुरुग्राम में रोजाना 1500 टन प्रोसेसिंग की क्षमता विकसित की गई है।
शहर के 12 सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट्स को सीधे ‘सीएंडडी वेस्ट पोर्टल’ से जोड़कर लाइव कर दिया गया है।
जनवरी से अगस्त 2026 के बीच ही 3.38 लाख टन से अधिक सीएंडडी कचरे का सुरक्षित निस्तारण किया जा चुका है।
मलबे के अवैध डंपिंग को रोकने के लिए कलेक्शन प्वाइंट्स पर वेब कैमरे लगाए जा रहे हैं।
396 किलोमीटर सड़कों का कायाकल्प और ट्रैफिक जाम पर प्रहार : Action Plan
सड़कों के गड्ढों और बदहाल स्थिति से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए वर्ष 2026 में कुल 396 किलोमीटर सड़कों के पुनर्विकास का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 179.04 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है।
इसके साथ ही, गाड़ियों के धुएं और जाम को कम करने के लिए शहर के 31 प्रमुख ट्रैफिक कंजेशन हॉटस्पॉट की पहचान की गई है। इनमें से 4 प्रमुख चौराहों और प्वाइंट्स पर सुधार कार्य पूरा कर लिया गया है। शहर में यातायात सुचारू रखने के लिए ITMS (इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) और ANPR कैमरों की प्रगति की भी लगातार समीक्षा की जा रही है।
