Viral Fever : गुरुग्राम में हर घर पहुंचा बुखार, अस्पतालों में बढी मरीज़ों की संख्या, डेंगू मलेरिया भी खतरा

वायरल, मलेरिया और डेंगू के बढ़ते मामलों के कारण नागरिक अस्पताल और निजी क्लीनिकों में खून की जांच कराने वालों की भीड़ बढ़ गई है ।

Viral Fever : गुरुग्राम जिले में इस समय डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है । सितंबर का महीना शुरु होते ही गुरुग्राम घर-घर में लोग बुखार से पीड़ित हैं, जिसके चलते अस्पतालों में मरीजों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं । वायरल, मलेरिया और डेंगू के बढ़ते मामलों के कारण नागरिक अस्पताल और निजी क्लीनिकों में खून की जांच कराने वालों की भीड़ बढ़ गई है । लोग बुखार आने पर तुरंत जांच करा रहे हैं ।

 

गुरुग्राम स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल 16 सितंबर तक डेंगू के 51 मामले सामने आ चुके हैं । जिनमें से अभी भी सरकारी अस्पताल में दो मरीज़ो का इलाज चल रहा है । डेंगू के अभी तक गुरुग्राम में 5521 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं जिनमें से 51 मामले पॉजीटिव मिले हैं । जबकि इस साल गुरुग्राम में मलेरिया के भी 8 मामले सामने आ चुके हैं ।

डेंगू के मामलों का पिछले कुछ वर्षों का आंकड़ा:

  • 2021: 327 मामले
  • 2022: 440 मामले
  • 2023: 276 मामले
  • 2024: 186 मामले
  • 2025: 51 मामले (16 सितंबर तक)

मलेरिया के मामलों में अचानक उछाल

डेंगू के साथ-साथ मलेरिया के मामलों में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है । इस साल अब तक मलेरिया के 8 मामले दर्ज किए गए हैं । यह स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि 2021 से 2023 के बीच मलेरिया का एक भी मामला सामने नहीं आया था, और 2024 में केवल दो मामले थे। इस तरह मलेरिया का अचानक बढ़ना स्वास्थ्य विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।

स्वास्थ्य विभाग सतर्क, विशेष वार्ड तैयार

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क हो गया है और रोकथाम के लिए कदम उठा रहा है। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में डेंगू के मरीजों के लिए 10 बेड का एक विशेष डेंगू वार्ड बनाया गया है। इसका उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।

अस्पताल में रोज़ाना औसतन 400 से ज़्यादा मरीज़ बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, और फंगल इन्फेक्शन जैसी समस्याओं के साथ आ रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग लोगों से सतर्क रहने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील कर रहा है, ताकि इन बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button