Gurugram Police Action: गुरुग्राम में ‘पियक्कड़ों’ पर टूटा पुलिस का कहर! ठेकों के बाहर महफिल जमाना पड़ा भारी, एक ही रात में 228 ‘बेवड़े’ गिरफ्तार
सड़कों पर 'छलका रहे थे जाम', गुरुग्राम पुलिस ने सिखाया ऐसा सबक कि उतर गया सारा नशा; शहर के हर कोने में ताबड़तोड़ छापेमारी

Gurugram Police : अगर आप भी गुरुग्राम की सड़कों, पार्कों या शराब के ठेकों के बाहर खड़े होकर ‘कार-ओ-बार’ (गाड़ी में बैठकर दारू पीना) करने के शौकीन हैं, तो सावधान हो जाइए! गुरुग्राम पुलिस (Gurugram Police) इस समय फूल एक्शन मोड में है और सार्वजनिक स्थानों को ‘मयखाना’ बनाने वालों की अब खैर नहीं है। शनिवार की रात गुरुग्राम पुलिस (Gurugram Police) ने शहरभर में ऐसा चक्रव्यूह रचा कि खुले में जाम टकराने वाले 228 पियक्कड़ सीधे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
ठेकों के बाहर सजी महफिलें पुलिस ने कीं ‘वीरान’ गुरुग्राम पुलिस (Gurugram Police) ने शनिवार (25.07.2026) को शहर में कानून व्यवस्था को तार-तार करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ एक बड़ा और प्रभावी अभियान चलाया। पुलिस की सायरन बजती गाड़ियां जब सड़कों पर उतरीं, तो ठेकों के बाहर, बाजारों में, मुख्य मार्गों और पार्कों में महफिल जमाए बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। चखने के साथ जाम का मजा ले रहे पियक्कड़ों को पुलिस ने रंगे हाथों दबोचा। इस विशेष अभियान में कुल 228 व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए काबू किया गया और उनके खिलाफ नियमानुसार निवारक कानूनी कार्यवाही की गई।
किस जोन से कितने ‘शराबी’ हुए ढेर? गुरुग्राम पुलिस ने चारों दिशाओं में एक साथ धावा बोला, जिसके आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं:
पूर्व जोन (East Zone): सबसे ज्यादा 78 पियक्कड़ गिरफ्तार।
पश्चिम जोन (West Zone): 73 लोगों पर गिरी गाज।
दक्षिण जोन (South Zone): 48 व्यक्ति हिरासत में।
मानेसर जोन (Manesar Zone): 29 लोगों को पुलिस ने सिखाया सबक।
कुल मिलाकर 228 लोगों को सम्बन्धित पुलिस थानों में ले जाकर हवालात की हवा खिलाई गई।
हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों को दो टूक चेतावनी गुरुग्राम पुलिस का साफ़ मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे सार्वजनिक शांति भंग होती है। नशे की हालत में अक्सर हुड़दंग, गाली-गलौज, झगड़ा, मारपीट और महिलाओं के साथ अभद्रता जैसी अवांछनीय घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
पुलिस आयुक्त के सख्त निर्देशानुसार, भविष्य में भी सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों, हुड़दंग करने वालों और आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार की सर्जिकल स्ट्राइक जारी रहेगी।
पुलिस की अपील: पुलिस को बनाएं अपना आंख-कान गुरुग्राम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक बनें, सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें और कानून का पालन करें। अगर आपको कहीं भी इस प्रकार की गतिविधि या हुड़दंग दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस के हेल्पलाइन नम्बर 112 अथवा निकटतम पुलिस थाना/चौकी को सूचित करें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी और पुलिस त्वरित कार्यवाही करेगी।
