Delhi से Gurugram लाकर कूड़ा फेंकने वालों पर शिकंजा, 10 गिरफ्तार, 7 वाहन जब्त

Delhi से लाकर गुरुग्राम में कूड़ां फेंकने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने ऐसे लोगों पर शिकंजा कसना शुरु कर दिया है । ऐसे लोग गुरुग्राम की व्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ डालकर यहां की व्यवस्था को बिगाड़ रहे हैं इसी को लेकर अब दिल्ली से सटे इलाकों में गुरुग्राम पुलिस खास तौर पर निगरानी रख रही है । अब ऐसे लोगों की खैर नहीं है जो गुरुग्राम में बाहर का कूड़ा लाकर डालते हैं ।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा दिल्ली से अवैध रूप से कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक कचरा गुरुग्राम में लाकर डालने तथा इससे संबंधित अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इसी कड़ी में गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
10 गिरफ्तार, 7 गाड़ियां जब्त
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दिल्ली से लाकर गुरुग्राम में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है साथ ही इन लोगों से 7 गाड़ियां भी बरामद की गई है जिनके द्वारा ये कूड़ा लाकर गुरुग्राम की सीमा में फेंक रहे थे ।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में कुल 4 FIR दर्ज की गई हैं जिनमें से दो एफआईआर बजघेड़ा पुलिस थाने में, उद्योग विहार और राजेन्द्रा पार्क थाने में भी एक एक एफआईआर दर्ज की गई हैं ।
दिल्ली से गुरुग्राम लाया जा रहा था कूड़ा-कचरा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक कचरा गुरुग्राम में लाकर डालने का कार्य कर रहे थे। पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी एवं चेकिंग के दौरान ऐसे वाहनों को रोककर नियमानुसार कार्यवाही की गई । प्रारंभिक पूछताछ एवं जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से जुड़े एक नेटवर्क के माध्यम से कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक कचरा गुरुग्राम में लाने का कार्य करते थे।
गुरुग्राम में लाए गए कूड़े-कचरे से प्लास्टिक को अलग करके उसकी सेग्रीगेशन की जाती थी तथा आगे अन्य स्थानों पर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस द्वारा इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है।
वाहन मालिकों की भी जांच, नियमानुसार होगी कार्यवाही : पुलिस टीमें गिरफ्तार किए गए आरोपियों तथा वारदात में प्रयोग किए गए बरामद वाहनों के मालिकों के संबंध में जानकारी एकत्रित कर रही है। जांच के दौरान जिस वाहन मालिक की संलिप्तता अथवा इस अवैध गतिविधि में किसी प्रकार की भूमिका सामने आती है, तो संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध भी कानून के अनुसार नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
गुरुग्राम पुलिस दर्ज अभियोगों में गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ करते हुए अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य व्यक्तियों, वाहन मालिकों, कूड़ा-कचरा लाने वाले वाहनों तथा प्लास्टिक की सेग्रीगेशन एवं आगे भेजे जाने से संबंधित पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यवाही लगातार जारी: गुरुग्राम पुलिस द्वारा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। दिल्ली से अवैध रूप से कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक कचरा गुरुग्राम में लाने तथा उससे संबंधित गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
