Gurugram Police Action : सोहना रोड पर Thar से स्टंटबाज़ी करनी पड़ी भारी, दिल्ली का भीमांशु गिरफ्तार
सोहना रोड पर गफ़लत और लापरवाही से गाड़ी दौड़ाकर लोगों की जान जोखिम में डालने का मामला

Gurugram Police Action : सोशल मीडिया पर रील बनाकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का जूनून युवाओं पर किस कदर हावी है, इसका एक और खतरनाक उदाहरण गुरुग्राम के सोहना रोड पर देखने को मिला। यहाँ एक थार गाड़ी के चालक द्वारा बेहद लापरवाही, तेज गति और गफ़लत के साथ गाड़ी चलाते हुए स्टंटबाज़ी और खतरनाक ओवरटेकिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल (17 जून) सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा था, जो सीधे तौर पर गुरुग्राम पुलिस थाना सदर की टीम के संज्ञान में आया। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता था कि सोहना-गुरुग्राम रोड पर एक थार गाड़ी का चालक यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाते हुए ज़िग-ज़ैग तरीके से गाड़ी दौड़ा रहा था। उसकी इस खतरनाक ड्राइव और तेज गति से ओवरटेकिंग के कारण सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान हलक में आ गई थी।
दूसरों की सुरक्षा को ताक पर रखकर अपनी और आमजन की जान जोखिम में डालने के इस कृत्य पर संज्ञान लेते हुए, थाना सदर गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत तुरंत प्रभाव से अभियोग (मामला) दर्ज किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस थाना सदर और अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) सैक्टर-31, गुरुग्राम की टीमों ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर जाल बिछाया और आरोपी को गुरुग्राम से ही धर दबोचा। (Gurugram Police Action)
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान भीमांशु के रूप में हुई है, जो कि मैदानगढ़ी, जिला दक्षिण दिल्ली (दिल्ली) का रहने वाला है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी भीमांशु ने कबूल किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रही थार गाड़ी को वही चला रहा था और उसी ने सड़क पर इस खतरनाक स्टंट को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई 01 थार गाड़ी को बरामद कर लिया है और मामले की आगे की कड़ाई से जांच जारी है।
इस घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस ने सभी वाहन चालकों के लिए कड़े दिशा-निर्देश और चेतावनी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने, रील बनाने या प्रसिद्धि पाने के उद्देश्य से किए जाने वाले स्टंट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जाएंगे। (Gurugram Police Action)
पुलिस की सोशल मीडिया सेल और फील्ड टीमें ऐसी रीलों और वीडियो पर लगातार पैनी नज़र बनाए हुए हैं। वीडियो वायरल होने या शिकायत मिलने पर तुरंत सख्त कानूनी एक्शन लिया जाएगा।
गुरुग्राम पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें, यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं। (Gurugram Police Action)