Gurugram News : केंद्रीय मंत्री ने जनता से किया ‘ग्रीन वॉल’ अभियान में जुड़ने का आह्वान, हर रविवार एक घंटा मांगा योगदान
मंत्री ने कहा कि वन्य जीव सप्ताह का मुख्य उद्देश्य जन-जन को यह संदेश देना है कि वन्य जीवों की रक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान का उल्लेख करते हुए पेड़ों की पाँच साल तक देखभाल करने पर जोर दिया।

Gurugram News : वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता सुरक्षा और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज (02 अक्टूबर) मानेसर स्थित अरावली क्षेत्र में ‘राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह समारोह 2025’ का भव्य आयोजन किया गया।
राम मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि हरियाणा के वन, पर्यावरण एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने समारोह में गुरुग्राम के नागरिकों से अरावली ग्रीन वॉल अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “गुरुग्रामवासी हर रविवार सुबह कम से कम एक घंटे का समय इस अभियान को दें।


उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिकों का यह छोटा प्रयास शहर की हरियाली बढ़ाने, प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण को स्वस्थ बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। उन्होंने अपील की कि यदि प्रत्येक नागरिक नियमित रूप से भागीदारी करे, तो गुरुग्राम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक हरा-भरा और मॉडल शहर बनकर उभरेगा। उन्होंने वृक्षारोपण को समाज और प्रकृति के बीच जिम्मेदारी का संदेश बताया।
हरियाणा के वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने अरावली को हमारी धरोहर और जैव विविधता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि जब तक हमारे वन सुरक्षित रहेंगे, वन्य जीव-जंतु भी सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने चेताया कि यदि हम बेजुबान पशु-पक्षियों की रक्षा नहीं करेंगे तो पृथ्वी का संतुलन बिगड़ जाएगा।

मंत्री ने कहा कि वन्य जीव सप्ताह का मुख्य उद्देश्य जन-जन को यह संदेश देना है कि वन्य जीवों की रक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए पेड़ों की पाँच साल तक देखभाल करने पर जोर दिया।
इस दौरान मुख्य अतिथियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों द्वारा प्रस्तावित ‘नमो वन’ में 750 पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही 500 एकड़ क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान का आधिकारिक शुभारंभ भी किया गया।

केंद्रीय मंत्री और राव नरबीर सिंह ने मानेसर स्थित शनि मंदिर परिसर में अरावली स्पीशीज नर्सरी का शिलान्यास भी किया। यह नर्सरी अरावली श्रृंखला में स्थानीय प्रजातियों के पौधों के संरक्षण और पुनःरोपण के लिए एक केंद्र के रूप में कार्य करेगी।
कार्यक्रम के दौरान हरियाणा की जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पुस्तकों और प्रकाशनों का विमोचन भी हुआ, जिनमें “हरियाणा की वन्य जीव धरोहर”, “हरियाणा के 75 सामान्य वृक्ष” और “सुल्तानपुर राष्ट्रीय उद्यान पर कॉफी टेबल बुक” प्रमुख थीं। अंत में, वन्य जीव संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वन्य जीव मित्रों और विभागीय कर्मियों को सम्मानित किया गया।











