Gurugram News : SnapChat पर लंदन का बनकर दोस्ती की, फिर लड़की से नाइजीरियन ने ठग लिए 58 हज़ार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Gurugram News : सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती को झांसे में लेकर पैसे ठगने वाले नाइजीरियन मूल के आरोपी को गुरुग्राम की साइबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है । आरोपी ने खुद को लंदन निवासी बताकर भरोसा जीता और फिर फर्जी कहानी गढ़कर पीड़िता से 58 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

ऐसे रची गई ठगी की स्क्रिप्ट

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, उसकी स्नैपचैट (Snapchat) के जरिए एक व्यक्ति से दोस्ती हुई। आरोपी ने भारत आकर मिलने का वादा किया और भरोसा बढ़ाने के लिए फ्लाइट टिकट की फोटो भी भेजी।


इसके बाद 24 नवंबर 2025 को आरोपी ने कॉल कर बताया कि उसके पास अत्यधिक नकद राशि होने के कारण भारत में एंट्री नहीं मिल रही है। इसी बहाने पैसे “रिलीज” कराने के नाम पर 58,000 रुपये मांग लिए और पीड़िता ने बताए गए खाते में रकम ट्रांसफर कर दी।

शिकायत मिलते ही तेज कार्रवाई

मामले में 26 नवंबर 2025 को पुलिस थाना साइबर अपराध दक्षिण, गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया। साइबर क्राइम एसीपी प्रियान्शु दिवान के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित जांच करते हुए 18 दिसंबर 2025 को दिल्ली से आरोपी को दबोच लिया।

आरोपी की पहचान और खुलासे

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मूसा (MUSA,  40 Years) के रूप में हुई है, जो लागोस (नाइजीरिया) का स्थायी निवासी है। पूछताछ में उसने बताया कि वह 2019 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था, जिसकी अवधि उसी वर्ष समाप्त हो गई। कोविड-19 के दौरान वह भारत में ही रुक गया।


आरोपी ने यह भी कबूला कि जिस बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर करवाई गई थी, उसका एटीएम कार्ड उसके पास रहता था। वह किसी अन्य व्यक्ति के लिए पैसे निकलवाता था और बदले में 5% कमीशन लेता था—जिससे एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड पर लेगी, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। मामले की जांच जारी है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button