Gurugram News : किराया न देने की ‘खौफनाक साजिश’, रेप का झूठा केस पड़ा भारी
सूचना आते ही गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत महिला से संपर्क किया लेकिन महिला ने बताया कि वो खुद पुलिस थाने आकर मामले की लिखित शिकायत देगी ।

Gurugram News : गुरुग्राम में किराए पर रहने वाली महिला को किराया नहीं देना था तो उसने खौफनाक साजिश रच डाली और मकान का किराया बचाने के लिए मकान मालिक के रिश्तेदार को ही झूठे केस में फंसाने को लेकर पुलिस में शिकायत कर दी लेकिन गुरुग्राम पुलिस ने जांच के बाद महिला के खिलाफ ही झूठी शिकायत देने के आरोप में केस दर्ज कर लिया ।
बलात्कार का गंभीर आरोप
लोगों के बीच अक्सर विवाद के बाद मामला पुलिस के पास पहुंच जाचा है लेकिन कोई मकान का किराया ना देने की एवज में ऐसी भी साजिश रच सकता है ये वाकई में चौंकाने वाला है । घटना गुरुग्राम के बादशाहपुर कस्बे की है जहां इंदिरा कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने गुरुग्राम पुलिस कंट्रोल रुम में कॉल करके उसके साथ बलात्कार की सूचना दी । (Gurugram News)
सूचना आते ही गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत महिला से संपर्क किया लेकिन महिला ने बताया कि वो खुद पुलिस थाने आकर मामले की लिखित शिकायत देगी । राजस्थान की रहने वाली वैष्णव नाम की महिला ने बादशाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वो बादशाहपुर की इंदिरा कॉलोनी में किराए पर रहती है ।
कुछ दिन पहले मकान मालिक के एक रिश्तेदार ने उससे मकान का किराया मांगा जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और उसके बाद मकान मालिक के रिश्तेदार ने उसके साथ बलात्कार किया । जिसकी सूचना महिला ने 1091 पर कर दी । (Gurugram News)
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
शिकायत के आधार पर गुरुग्राम पुलिस की टीम ने मामले की जांच करनी शुरु की तो जांच में सामने आया कि महिला के साथ कोई बलात्कार की घटना नहीं हुई है । महिला किराया नहीं देना चाहती इसीलिए उसने पुलिस में झूठा केस दायर किया है । मामले की सच्चाई जानकर पुलिस के भी होश उड़ गए ।
आरोपी को क्लीन चिट, महिला पर केस
जांच में मामले की पूरी सच्चाई आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने बलात्कार के आरोपी को क्लीन चिट दे दी जबकि महिला के खिलाफ बलात्कार की झूठी शिकायत देने के आरोप में बीएनएस की धारा 217 के तहत बादशाहपुर थाने में केस दर्ज कर लिया गया ।
पुलिस की अपील
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा है कि गुरुग्राम पुलिस की जनता से अपील है कि पुलिस को किसी भी प्रकार की झूठी, गलत या भ्रामक सूचनाएं ना दें । ऐसी हरकतों से न केवल पुलिस की आपातकालीन सेवाओं में बाधा आती है बल्कि जरुरतमंदों को समय पर सहायता नहीं मिल पाती । गुरुग्राम पुलिस ने ये भी साफ किया है कि अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।









