Gurugram News: नेपाली नौकरों से सावधान, कहीं आप भी न हो जाए शिकार
सेक्टर-15 पार्ट-1 की सनसनीखेज वारदात, नेपाल के दो आरोपी फरार, पुलिस वेरिफिकेशन न कराना पड़ा महंगा

Gurugram News : Cyber City के पॉश इलाके सेक्टर-15 पार्ट-1 में एक बार फिर नौकरों द्वारा लूटपाट की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। एक बिजनेसमैन के घर पर मात्र दो दिन पहले काम पर रखे गए नौकर ने पूरे परिवार को खाने में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया और घर में रखी लाखों की ज्वेलरी व नकदी समेट कर फरार हो गया। वारदात में एक युवती के भी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
Gurugram Police के अनुसार सेक्टर-15 निवासी टोनी गोयल के घर पर यह घटना बुधवार रात को हुई। गोयल का खल और बिनौले के बड़े कारोबारी हैं, उन्होंने हाल ही में एक एजेंसी के माध्यम से नेपाल मूल के सुनील खड़का को काम पर रखा था। बुधवार रात सुनील ने योजना के तहत खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के तीनों सदस्य गहरी नींद में सो गए, जिसके बाद आरोपियों ने अलमारी और लॉकर तोड़कर करीब 10-12 तोले सोना और भारी मात्रा में कैश चोरी कर लिया।
गुरुवार सुबह जब परिवार के लोग देर तक नहीं जागे और घर का सामान बिखरा मिला, तब चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही सिविल लाइन्स पुलिस और क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान कमरे से लोहे की रॉड, प्लास और पेचकस बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल लॉकर तोड़ने के लिए किया गया था। पुलिस ने आरोपी सुनील खड़का और उसकी साथी संध्या थापा के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि कारोबारी ने नौकर को काम पर रखते समय उसकी पुलिस वेरिफिकेशन नहीं करवाई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि वेरिफिकेशन होती, तो आरोपियों तक पहुंचना आसान होता। क्राइम ब्रांच के अनुसार, नेपाल के कुछ जिलों में शातिर चोरों के गिरोह युवाओं को विशेष ट्रेनिंग देकर भारत भेज रहे हैं, जो मात्र 5-7 मिनट में किसी भी तरह का ताला तोड़ने में माहिर होते हैं।









