Gurugram News : 99 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंज़ूरी, नगर निगम की लगी मुहर
नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित वित्त एवं संविदा कमेटी की बैठक में शहर के लिए 99 करोड़ रुपए से अधिक के 16 महत्वपूर्ण विकास कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी दी गई।

Gurugram News : गुरुग्राम में विकास कार्यों को तेज़ी देने के लिए आज हुई नगर निगम की वित्त विभाग की बैठक में 99 करोड़ रुपए से ज्यादा विकास कार्यों को मंजूरी दे दी गई है । नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित वित्त एवं संविदा कमेटी की बैठक में शहर के लिए 99 करोड़ रुपए से अधिक के 16 महत्वपूर्ण विकास कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी दी गई।
बैठक में विस्तार से चर्चा करने के बाद 16 विकास कार्यों के लिए तैयार प्रस्तावों को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इनमें केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्राप्त 4.85 करोड़ की ग्रांट से 10 ट्रक माऊंटिड स्पिंकलर कम एंटी स्मॉग गन मशीन खरीदने, बजघेड़ा फिरनी को मॉडल रोड़ के तौर पर विकसित करने के लिए 5.08 करोड़ रूपए, मेफील्ड गार्डन में सडक़ निर्माण के लिए 2.79 करोड़ रूपए, गोदरेज सम्मिट सोसायटी से धनवापुर एसटीपी तक 900 एमएम सीवर लाईन डालने के लिए 8.02 करोड़ रूपए तथा 2 रिसायकलर सुपर सकर मशीन खरीदने के लिए 10 करोड़ रूपए के प्रस्ताव शामिल हैं। इन मशीनों की क्षमता 19 टन होगी तथा इसका रख-रखाव व संचालन भी इसी राशि में शामिल होगा।
इनके अतिरिक्त सोहना रोड़ मारुति कुंज मोड़ से नया गांव तक मारूति कुंज रोड़ के निर्माण के लिए 5.68 करोड़ रूपए, नया गांव में इंटरलॉकिंग टाइल व पेयजल आपूर्ति लाईन के लिए 4.28 करोड़ रूपए, गांव बालियावास से बंधवाड़ी तक 33 फुट चौड़े रिवेन्यू रास्ते के निर्माण के लिए 3.29 करोड़ रूपए, वजीराबाद मार्केट से झील चौक तक सीवरेज लाईन व सडक़ निर्माण के लिए 3.48 करोड़ रूपए, आईडीसी सेक्टर-16 में मॉडल रोड़, फुटपाथ व स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज के लिए 8 करोड़ रूपए, सेक्टर-17ए हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी में सीवरेज व पेयजल लाईन के लिए 6.53 करोड़ रूपए, सेक्टर-66 में मॉडल रोड़, फुटपाथ,
साइकिल ट्रेक, स्ट्रॉम वाटर एवं सीवरेज लाईन के लिए 7.40 करोड़ रूपए, गांव बजघेड़ा में गलियों के पुर्न निर्माण के लिए 4.80 करोड़ रूपए, गांव बालियावास में गौशाला निर्माण के लिए 6 करोड़ रूपए, मियांवाली कॉलोनी में सीवरेज, पेयजल और गलियों के निर्माण के लिए 4.05 करोड़ रूपए तथा गांव नाथूपुर में सामुदायिक केन्द्र के निर्माण के लिए 9.45 करोड़ रूपए के प्रस्तावों को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि यह सभी कार्य नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करेंगे और शहर के बुनियादी ढांचे को नई दिशा देंगे। उन्होंने आशा जताई कि इन कार्यों के पूरा होने से शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी ।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा तथा पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि विकास कार्य लंबे समय तक टिकाऊ साबित हों।