Gurugram News : जलभराव की समस्या खत्म करने को MCG ने बनाया मानसून मैनेजमेंट सेल, जानें क्या है पूरा प्लान

6 महीने पहले ही शुरू हुई मानसून की तैयारी, 15 जनवरी तक तैयार होगा एक्शन प्लान का पहला ड्राफ्ट, इंजीनियरिंग विंग को मिली विशेष जिम्मेदारी।

Gurugram News : शहर में मानसून के दौरान होने वाले भीषण जलभराव और सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने अभी से कमर कस ली है। निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने एक दूरगामी कदम उठाते हुए ‘मानसून मैनेजमेंट सेल’ (MMC) के गठन के आदेश जारी किए हैं। यह सेल न केवल योजना बनाएगा, बल्कि ड्रेनेज और सीवरेज प्रबंधन की बारीकी से निगरानी भी करेगा।

निगमायुक्त के नेतृत्व में गठित इस विशेष सेल में वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। यश जालुका (अतिरिक्त निगमायुक्त-I): सदस्य सचिव नियुक्त। रविंद्र यादव (अतिरिक्त निगमायुक्त-III) व विजय ढाका (मुख्य अभियंता): टीम के प्रमुख सदस्य। सुरभि साहू (कंसल्टेंट): इन्हें विशेष रूप से इंजीनियरिंग विंग के साथ जोड़ा गया है ताकि मानसून पूर्व की तैयारियों (प्रिपेयर्डनेस) को तकनीकी मजबूती दी जा सके।

मानसून मैनेजमेंट सेल के पास शहर को डूबने से बचाने के लिए विस्तृत कार्यक्षेत्र तय किया गया है। नालों की सफाई (डी-सिल्टिंग) और सिविल कार्यों के रिकॉर्ड का भौतिक संकलन व सत्यापन करना। जलभराव की स्थिति में आवश्यक मशीनरी और पंपों की तैनाती का पहले से आकलन करना।  पिछले वर्षों के मानसून डेटा का अध्ययन कर उन ‘ब्लैक स्पॉट्स’ की पहचान करना जहाँ सबसे ज्यादा जलभराव होता है। शिकायतों के निपटारे के लिए एक स्टैंडर्ड रिपोर्टिंग फॉर्मेट तैयार करना। सीवरेज ओवरफ्लो को रोकने के लिए अलग से रणनीति बनाना।

नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने तैयारियों को गति देते हुए निर्देश दिए हैं कि 15 जनवरी 2026 तक मानसून प्रिपेयर्डनेस प्लान का पहला ड्राफ्ट प्रस्तुत किया जाए। इसमें संक्षिप्त और विस्तृत दोनों तरह की योजनाएं शामिल होंगी, जिससे मानसून आने से पहले ही ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जा सके।

इस सेल के गठन का मुख्य उद्देश्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। हम चाहते हैं कि इस बार बारिश के दौरान नागरिकों को जलभराव और सीवरेज की समस्याओं का सामना न करना पड़े। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से काम शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं। प्रदीप दहिया, निगमायुक्त, MCG

मानसून मैनेजमेंट सेल (MMC) की संरचना एक नज़र में:

पदअधिकारी
अध्यक्षआयुक्त, नगर निगम गुरुग्राम
सदस्य सचिवयश जालुका (अतिरिक्त निगमायुक्त-I)
तकनीकी सलाहकारविजय ढाका (मुख्य अभियंता)
समन्वय व प्रिपेयर्डनेससुरभि साहू (पूर्व CMGGA कंसल्टेंट)
निगरानीसभी कार्यकारी व सहायक अभियंता

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button