Gurugram News : गुरुग्राम में ‘चुन्नू मुन्नू’ का साम्राज्य ध्वस्त, हिस्ट्रीशीटरों ने करोड़ों की सरकारी ज़मीन पर कर लिया था कब्ज़ा

Gurugram News : गुरुग्राम में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या सरकारी जमीन पर कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे इसका संदेश शनिवार को जिला प्रशासन ने दिया । गुरुग्राम पुलिस और DTP विभाग ने शनिवार को गुरुग्राम में चुन्नू मुन्नू के साम्रज्य को ध्वस्त कर दिया । ‘चुन्नू मुन्नू’ पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं जिसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने अन्य विभागों के साथ मिलकर करोड़ो रुपए की सरकारी जमीन को खाली करा लिया ।
हरियाणा सरकार और गुरुग्राम पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत शहर में अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्यवाही देखने को मिली। अपराध के जरिए अर्जित की गई संपत्ति और सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया।
HSVP की करोड़ों की जमीन पर था अवैध कब्जा
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, गांव वजीराबाद के निवासी दो शातिर अपराधियों, साहिल उर्फ चुन्नू और अंशुल उर्फ मुन्नू ने सरस्वती कुंज इलाके में HSVP (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) की बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था। इन अपराधियों ने वहां झुग्गियां बनाकर उन्हें किराए पर दे रखा था, जिससे वे अनैतिक रूप से मोटी कमाई कर रहे थे।

संयुक्त ऑपरेशन में हुई बड़ी कार्यवाही
शनिवार को थाना सेक्टर-53 पुलिस, डीटीपी (DTP) टीम और HSVP के अधिकारियों ने एक संयुक्त अभियान चलाया । भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से इन अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद रही।
अपराधियों का काला चिट्ठा: दर्ज हैं दर्जनों मुकद्दमें
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ये दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और शहर की कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बने हुए थे।
साहिल उर्फ चुन्नू: इसके खिलाफ सेक्टर-53, सुशांत लोक, डीएलएफ फेज-3 और सेक्टर-65 जैसे विभिन्न थानों में 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी (धारा 379, 380) और घर में घुसकर चोरी (454, 457) जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
अंशुल उर्फ मुन्नू: इस आरोपी पर भी चोरी और अवैध गतिविधियों के 7 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
दोनों आरोपी कई बार जेल जा चुके हैं, लेकिन बाहर आते ही फिर से वारदातों को अंजाम देने लगते थे।
गुरुग्राम पुलिस की अपराधियों को सीधी चेतावनी
गुरुग्राम पुलिस ने इस कार्यवाही के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर फलने-फूलने वाले गैंगस्टरों और भू-माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर उनकी अवैध संपत्तियों का खाका तैयार किया जा रहा है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्यवाही भविष्य में भी जारी रहेगी। (Gurugram News)
वहीं डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि गुरुग्राम में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माणों को बक्शा नहीं जाएगा । पूरे शहर में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी । लोगों से भी अपील की गई है कि वो किसी भी कॉलोनी में खरीददारी करते वक्त विभाग से जानकारी जुटा लें कि कॉलोनी कहीं अवैध तो नहीं है । (Gurugram News)









