Gurugram News : 13 साल के बच्चे की मौत बनी मिस्ट्री, घर से ढाई KM दूर सोसाइटी की 14वीं मंजिल से कैसे गिरा छात्र !

गुरुग्राम के सेक्टर 69 की Tulip Violet Society की 14वीं मंजिल से गिरकर 13 साल के बच्चे की संदिग्ध मौत पुलिस के लिए बनी मिस्ट्री !

Gurugram News : गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है । रविवार शाम को सेक्टर 69 की ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरकर एक 13 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई । लेकिन इस घटना को लेकर सवाल इसलिए उठ रहे हैं कि जिस सोसाइटी से बच्चे की गिरकर मौत हुई बच्चा उस सोसाइटी से करीब ढाई किलोमीटर दूसरी सोसाइटी में रहता है ।

बुझ गया घर का इकलौता चिराग़

जानकारी के अनुसार 13 साल आरव सेक्टर 70ए की बीपीटीपी एस्टायर गार्डन सोसाइटी में रहता था । आरव की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में हैं । मृतक बच्चे की मौसी ने बताया कि आरव का जन्म कई मंदिरों में मन्नत मांगने के बाद हुआ था । आरव घर का इकलौता चिराग था इसीलिए हर कोई उससे बहुत प्यार करता था । दो दिन पहले ही आरव को कॉम्पीटीशन के लिए स्केट्स खरीदकर दिए थे जिन्हें लेकर वो बहुत खुश था । आरव की मौत के बाद पूरे परिवार का रो रो कर बुरा हाल है । (Gurugram News)

Gurugram News
सेक्टर 70A की इसी सोसाइटी में रहता था आरव

घटना कैसे हुई ?

जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब सवा चार बजे 13 साल का आरव सेक्टर 70ए की BPTP Astaire Gardens Society से पैदल निकला और करीब ढाई किलोमीटर चलने के बाद सेक्टर 69 की Tulip Violet Society में जा पहुंचा । आरव ट्यूलिप वॉलेट के टॉवर नंबर बी-11 की लिफ्ट से छत पर चला गया । कुछ देर बाद सिक्योरिटी गार्ड्स ने जमीन पर कुछ गिरने की आवाज सुनी ।

जैसे ही सिक्योरिटी गार्ड सोसाइटी के नीचे पहुंचे तो देखा कि एक बच्चा लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है । बच्चे को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई । जांच में पता चला कि बच्चा इस सोसाइटी का है ही नहीं । बाद में बच्चे की पहचान आरव के रुप में हुई जो कि पास की दूसरी सोसाइटी का निवासी है । (Gurugram News)

मौत से पहले पीछे मुड़ मुड़ कर देख रहा था आरव

इलाके की सीसीटीवी फुटेज चैक करने के बाद पता चला कि आरव अकेला ही पैदल ट्यूलिप सोसाइटी में आया और फिर लिफ्ट के जरिए बिल्डिंग की 14वीं मंजिल पर चला गया । दोनों सोसाइटी की सीसीटीवी फुटेज चैक करने से पता चला कि आरव जब चल रहा है तो बार बार पीछे मुड़ मुड़ कर देख रहा है । ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में एंट्री से पहले भी आरव ने पीछे मुड़कर देखा ।

बच्चे की मौत बनी मिस्ट्री

13 साल के आरव की मौत एक मिस्ट्री बन गई है । आरव के पिता अतुल सक्सेना का कहना है कि आरव एक खुशमिज़ाज बच्चा था । उसमें मोबाइल में कोई भी गेमिंग एप नहीं हैं । उसे कॉमेडी सीरियल देखना पसंद था । आरव पढाई लिखाई में भी बहुत अच्छा था । आरव अपने घर से ढाई किलोमीटर पैदल चलकर दूसरी सोसाइटी की 14वीं मंजिल से कैसे गिरा ये समझ नहीं आ रहा ।

आरव पर किसी प्रकार का दबाव नहीं था । परिवार के सभी लोग उसे बेहद प्यार करते थे । घरवाले आरव की आत्महत्या की आशंका को नकार रहे हैं । पुलिस को किसी प्रकार का सुसाईड नोट भी नहीं मिला है इसीलिए पुलिस के साथ साथ परिवार वालों के लिए भी ये एक मिस्ट्री बन कर रह गई कि क्या आरव ने आत्महत्या की, या फिर ये अन्य घटना है ।

 

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!