Gurugram Nagar Nigam का डबल एक्शन, अवैध इमारतों में तोड़फोड़-सीलिंग, बेसहारा पशुओं को सड़क से हटाना शुरु

Gurugram Nagar Nigam : वीरवार को नगर निगम गुरुग्राम द्वारा अनाधिकृत पीजी एवं कमर्शियल भवनों तथा बेसहारा पशुओं के मामले में व्यापक अभियान चलाया गया। नगर निगम की इंफोर्समेंट टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अनाधिकृत निर्माणों पर ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग कार्रवाई की, वहीं संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में स्ट्रे कैटल टीमों ने विभिन्न स्थानों से बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजा।

अनाधिकृत पीजी और कमर्शियल भवनों पर कार्रवाई, 18 सील, 13 डिमोलिश, डेढ़ एकड़ एमसीजी भूमि कराई कब्जा मुक्त

अभियान के दौरान नगर निगम की इंफोर्समेंट टीमों ने अनाधिकृत पीजी एवं कमर्शियल भवनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। इसके तहत 13 अनधिकृत निर्माणों को ध्वस्त किया गया तथा 18 भवनों को सील भी किया गया। इसके अतिरिक्त गांव ग्वालपहाड़ी व बालियावास में डेढ़ एकड़ एमसीजी भूमि को कब्जा मुक्त भी कराया गया। नगर निगम द्वारा ऐसी संपत्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि बिना आवश्यक अनुमति संचालित हो रहे अनधिकृत निर्माण एवं व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजा

दूसरी ओर, शहर को स्ट्रे कैटल फ्री बनाने की दिशा में भी विशेष अभियान जारी रहा। संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारी अपने-अपने जोन में स्ट्रे कैटल टीमों के साथ मौके पर मौजूद रहे और विभिन्न क्षेत्रों से बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य सड़कों पर बेसहारा पशुओं की मौजूदगी को कम करना, यातायात को सुगम बनाना तथा वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

जोन स्तर पर अधिकारियों ने संभाली कमान

नगर निगम की ओर से अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित जोन में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में टीमें सक्रिय रहीं। इंफोर्समेंट एवं स्ट्रे कैटल टीमों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित मामलों का निस्तारण किया। नगर निगम द्वारा दोनों अभियानों को केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए लगातार जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है।

निगमायुक्त ने कहा—नियमों का पालन और नागरिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि गुरुग्राम में अनाधिकृत निर्माण एवं पीजी जैसी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही सड़कों पर बेसहारा पशुओं की मौजूदगी नागरिकों की सुरक्षा और यातायात दोनों के लिए चुनौती है। नगर निगम द्वारा दोनों मामलों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में निष्पक्ष एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर गुरुग्राम की दिशा में निरंतर अभियान

एमसीजी का उद्देश्य अनाधिकृत निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण के साथ शहर की सड़कों को सुरक्षित और बाधामुक्त बनाना है। इसके लिए इंफोर्समेंट, सीलिंग, ध्वस्तीकरण एवं स्ट्रे कैटल अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤