Crime News

Gurugram: छेड़छाड़ का विरोध करने पर चाकू से हमला कर की हत्या,दिल्ली से आरोपी गिरफ्तार

मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि वे घाटा गांव की झुग्गियों में अपने रिश्तेदार घमंडी लाल के साथ रहते थे और मजदूरी का काम करते थे। उसी झुग्गी में घमंडी के गांव का एक लड़का बॉबी भी रहता था।

Gurugram News Network – गुरुग्राम पुलिस ने एक 26 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते चाकू से की गई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

29 जून 2025 को, गुरुग्राम के सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन को गांव घाटा में एक व्यक्ति की नुकीले हथियार से हत्या की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, 26 वर्षीय राजदेव कुमार (निवासी मोबारकपुर, सहरसा, बिहार) मृत अवस्था में पाए गए। उनके शरीर पर नुकीले हथियार से वार के कई निशान थे।

मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि वे घाटा गांव की झुग्गियों में अपने रिश्तेदार घमंडी लाल के साथ रहते थे और मजदूरी का काम करते थे। उसी झुग्गी में घमंडी के गांव का एक लड़का बॉबी भी रहता था। 27 जून 2025 को, बॉबी ने घमंडी की बहन चंदा के साथ छेड़खानी की, जिसके बाद राजदेव और घमंडी ने बॉबी को पकड़ लिया और उनके बीच मारपीट हो गई।

29 जून 2025 को, जब राजदेव अपनी पत्नी के साथ काम से लौट रहे थे, तभी बॉबी अपने 3-4 साथियों के साथ आया। बॉबी ने राजदेव से पिछली मारपीट का बदला लेने की बात कही और उन पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। बॉबी के साथियों ने भी राजदेव पर हमला किया। जब राजदेव की पत्नी ने अपने पति को बचाने की कोशिश की,

तो बॉबी ने उन्हें भी मुक्का मारकर दूर कर दिया। राजदेव जान बचाने के लिए भागे, लेकिन बॉबी और उसके साथी उनके पीछे पड़ गए। राजदेव की पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। गंभीर चोटों के कारण राजदेव वहीं गिर गए और उनकी मृत्यु हो गई।

शिकायत के आधार पर, सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी बॉबी (उम्र 24 वर्ष, निवासी डिडवाड़ा, महोबा, उत्तर प्रदेश) को 30 जून 2025 को विकासपुरी, दिल्ली से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि 27 जून 2025 को बॉबी और मृतक राजदेव के बीच हुए झगड़े और मारपीट की रंजिश के चलते ही बॉबी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 29 जून 2025 को इस हत्या को अंजाम दिया था।

आरोपी बॉबी को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस वारदात में शामिल अन्य साथियों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Gurugram News Network
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!