Gurugram: जलभराव और जाम पर मंत्री राव नरबीर सिंह सख्त, ड्रेनेज व ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

निरीक्षण की शुरुआत हीरो होंडा चौक से हुई, जहाँ कैबिनेट मंत्री ने फ्लाईओवर की मरम्मत कार्यों, मेट्रो निर्माण की तैयारियों तथा यातायात प्रबंधन की समीक्षा की।

Gurugram :  हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम शहर को यातायात जाम और जलभराव की दीर्घकालिक समस्याओं से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को शहर के विभिन्न प्रमुख हिस्सों का गहन निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल), नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी), हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) तथा एचएसआईआईडीसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण की शुरुआत हीरो होंडा चौक से हुई, जहाँ कैबिनेट मंत्री ने फ्लाईओवर की मरम्मत कार्यों, मेट्रो निर्माण की तैयारियों तथा यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विस्तृत मोबिलिटी प्लान और वाहन डायवर्जन की योजना तैयार की जाए, ताकि आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो और ट्रैफिक सुचारु रूप से चलता रहे।

इसके बाद राव नरबीर सिंह ने उमंग भारद्वाज चौक से गाड़ौली गांव तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने जीएमडीए, एमसीजी और एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को संयुक्त बैठक कर सड़क के जीर्णोद्धार, चौड़ीकरण और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि सड़क निर्माण से पहले सभी तरह के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की जाए, जिससे भविष्य में कोई बाधा न आए।

गांव गाड़ौली में बादशाहपुर ड्रेन का निरीक्षण करते हुए कैबिनेट मंत्री ने ड्रेन को पक्का करने और उसकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी औद्योगिक इकाई का प्रदूषित पानी ड्रेन में न छोड़ा जाए और नियमित निगरानी की जाए।

कैबिनेट मंत्री ने शहर में यातायात को और सुगम बनाने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों जैसे सेक्टर-9 स्थित ग्रीनवुड स्कूल के समीप, सेक्टर-7 एवं 9 चौक, तथा पालम विहार में बजघेड़ा फ्लाईओवर से पहले कृष्णा चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इन प्रमुख चौराहों पर स्लिप रोड के निर्माण के निर्देश दिए।

राव नरबीर सिंह ने सेक्टर-10 में प्रस्तावित मेट्रो मार्ग का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से मार्ग में अतिक्रमण, यूटिलिटीज की शिफ्टिंग तथा निर्माण की तकनीकी तैयारियों की जानकारी ली।

सेक्टर-22 स्थित ताऊ देवीलाल पार्क के सामने के मार्ग का निरीक्षण करते हुए, उद्योग मंत्री ने ड्रेन चौड़ीकरण या मेट्रो निर्माण शुरू करने से पहले ट्रैफिक मूवमेंट के लिए पर्याप्त चौड़ाई वाला वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने पार्क के सौंदर्यीकरण, हरियाली बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए सीएसआर फंड का उपयोग करने के निर्देश दिए।

राव नरबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार गुरुग्राम को सुव्यवस्थित, सुगम और नागरिक-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जाम और जलभराव का स्थायी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और समयबद्ध ढंग से कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button