Gurugram Metro : सुभाष चौक पर बनेगा बड़ा इंटरचेंज, जानें नया मेट्रो अलाइनमेंट
GMRL के अधिकारियों के अनुसार, पहले सुभाष चौक स्टेशन ग्रीन पार्क के पास प्रस्तावित था, जबकि रेलवे स्टेशन से भोंडसी जाने वाली मेट्रो का स्टेशन सोहना रोड पर है। दोनों स्टेशनों के बीच की दूरी यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन सकती थी।

Gurugram Metro : शहर की लाइफलाइन बनने जा रही ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो और प्रस्तावित भोंडसी-रेलवे स्टेशन मेट्रो रूट को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया है। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सुभाष चौक मेट्रो स्टेशन के डिजाइन और अलाइनमेंट में महत्वपूर्ण बदलाव किया है।
अब सुभाष चौक स्टेशन को ग्रीन पार्क के पास से हटाकर सोहना रोड की ओर शिफ्ट किया जा रहा है। इस बदलाव के बाद सुभाष चौक दिल्ली मेट्रो के सिकंदरपुर स्टेशन की तरह एक बड़ा इंटरचेंज हब बनेगा, जहाँ दो अलग-अलग मेट्रो रूट के यात्री अपनी ट्रेन बदल सकेंगे। (Gurugram Metro)
GMRL के अधिकारियों के अनुसार, पहले सुभाष चौक स्टेशन ग्रीन पार्क के पास प्रस्तावित था, जबकि रेलवे स्टेशन से भोंडसी जाने वाली मेट्रो का स्टेशन सोहना रोड पर है। दोनों स्टेशनों के बीच की दूरी यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन सकती थी। अब अलाइनमेंट शिफ्ट होने से दोनों रूट के यात्री एक ही पॉइंट (इंटरचेंज) पर मिल सकेंगे, जिससे कनेक्टिविटी बेहद आसान हो जाएगी।
GMRL के नए स्टेशन के डिजाइन को दिल्ली मेट्रो (DMRC) से मंजूरी मिल गई है। दोनों स्टेशनों को एक विशेष वॉक-वे के जरिए जोड़ा जाएगा। नमो भारत (RRTS) का भी स्टेशन बनना है। इसके डिजाइन में भी नमो भारत की जरूरतों के हिसाब से बदलाव किए गए हैं। सेक्टर-10 के मेट्रो स्टेशन को बस डिपो के साथ इंटीग्रेट किया जाएगा, जिसके लिए GMDA ने जमीन उपलब्ध करा दी है। अंडरपास बनाने की योजना है, जिसकी डिटेल जल्द फाइनल होगी।
परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए HSVP (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) को निर्देश दिए गए हैं कि वह सेक्टर-37, बसई गांव और अन्य चिन्हित स्थानों पर जल्द से जल्द जमीन उपलब्ध कराए। बसई गांव में जमीन की उपलब्धता के कारण ट्रैक के अलाइनमेंट में मामूली बदलाव भी संभावित है।











