Gurugram Meeting : मार्च में शुरू होगा सेक्टर-72 का बूस्टिंग स्टेशन, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में गठित होने वाली नई समिति यह सुनिश्चित करेगी कि हर जेई के कार्यक्षेत्र की भौगोलिक सीमा स्पष्ट हो। हर जेई को अपने क्षेत्र का प्रत्येक तीन दिन में भौतिक निरीक्षण करना होगा।

Gurugram Meeting : हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने बुधवार को गुरुग्राम की विकास परियोजनाओं और नागरिक सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी। लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति की सातवीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि अब शहर की समस्याओं के प्रति अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। ढेसी ने शहरी स्तर पर एक विशेष मॉनिटरिंग कमेटी गठित करने के निर्देश दिए, जो सीधे तौर पर जूनियर इंजीनियर (जेई) स्तर पर कार्यों की निगरानी करेगी।
हर 3 दिन में देनी होगी रिपोर्ट
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण फैसला जवाबदेही प्रणाली को मजबूत करना रहा। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में गठित होने वाली नई समिति यह सुनिश्चित करेगी कि हर जेई के कार्यक्षेत्र की भौगोलिक सीमा स्पष्ट हो। हर जेई को अपने क्षेत्र का प्रत्येक तीन दिन में भौतिक निरीक्षण करना होगा। सीवरेज ओवरफ्लो, पाइपलाइन लीकेज, अतिक्रमण और स्वच्छता संबंधी समस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को देनी होगी।प्रारंभिक स्तर पर ही समस्याओं की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान करना।
रेलवे स्टेशन का कायाकल्प और बेहतर कनेक्टिविटी
गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण पर जोर देते हुए ढेसी ने स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेशन के आसपास पैदल आवाजाही और प्रवेश-निकास प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए एक ‘एकीकृत कनेक्टिविटी योजना’ तैयार की जाए। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में सुगमता प्रदान करना है।
मार्च में शुरू होगा सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन
बैठक में मास्टर प्रोजेक्ट्स की समय-सीमा भी निर्धारित की गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ पाइपलाइन का काम प्रगति पर है और इसे मार्च के पहले सप्ताह तक चालू कर दिया जाएगा। वाटिका चौक से एनएच-48 तक बन रहे ड्रेन के कार्य को 31 मई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
अवैध सीवरेज और प्रदूषण पर कड़ा रुख
सेक्टर 66/67 में एक कॉलोनाइजर द्वारा बरसाती नाले (Storm Water Drain) में अवैध रूप से सीवरेज डालने के मामले पर श्री ढेसी ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने तुरंत कनेक्शन काटने और भारी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को आदेश दिए गए कि निर्माण स्थलों और आरएमसी संयंत्रों की नियमित निगरानी की जाए ताकि धूल और प्रदूषण पर लगाम लग सके। बैठक में डीसी अजय कुमार, निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









