Gurugram: Iffco और Rajiv चौक की बदलेगी सूरत, निगम ने शुरू किया अभियान
नगर निगम के आयुक्त अशोक कुमार गर्ग ने इस विशेष अभियान का शुभारंभ इफ्को चौक, मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन और राजीव चौक से किया।

Gurugram News Network – नगर निगम की तरफ से अब शहर के चौक-चौराहों को सुंदर बनाकर उनकी तस्वीर बदली जाएगी। पहले चरण में अतिक्रमणमुक्त करके उनका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। निगम ने इस स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को साफ-सुथरा बनाना, अतिक्रमण मुक्त करना और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करना है।
नगर निगम के आयुक्त अशोक कुमार गर्ग ने इस विशेष अभियान का शुभारंभ इफ्को चौक, मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन और राजीव चौक से किया। अतिरिक्त निगमायुक्त महावीर प्रसाद ने स्वच्छता अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान नगर निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शहर के प्रमुख स्थानों को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाना है।

अभियान न केवल सफाई तक सीमित है, बल्कि इसमें पौधारोपण, जन जागरूकता और नागरिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को भी शामिल किया गया है। महावीर प्रसाद ने बताया कि अभियान की शुरुआत इफको चौक, हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन और राजीव चौक से हुई, जहां निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने मिलकर श्रमदान किया।
आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वह निगम के प्रयासों में सहयोग करें और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। स्वच्छ और हरा-भरा गुरुग्राम हम सबकी जिम्मेदारी है।










