Gurugram:चंदू बुढेड़ा WTP की चौथी यूनिट का ट्रायल शुरू, गर्मी में पानी की नहीं होगी किल्लत
यूनिट के बनने के बाद फिलहाल पुराने गुरुग्राम की करीब 250 रिहायशी कॉलोनियों के अलावा सेक्टर-21, 22, 23, पालम विहार और सेक्टर-81 से 95 तक विकसित कॉलोनी, सोसाइटी को लाभ मिलेगा।

Gurugram News Network –चंदू बुढेड़ा Water Treatment Plant (WTP) की चौथी यूनिट का ट्रायल शुरू हो गया है। पानी के शोधन को लेकर लगी मशीनरी का ट्रायल हुआ है। कई दिनों तक यह ट्रायल चलेगा। इसके बाद पाइप लाइन की सफाई करने के बाद इस यूनिट से पेयजल सप्लाई शुरू हो जाएगी।
चंदू बुढेड़ा WTP में 100-100 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) क्षमता की तीन यूनिट हैं। 100 एमएलडी क्षमता की चौथी यूनिट को करीब 76 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया है। एनसीआर नहर के माध्यम से आ रहे पानी का ट्रायल किया गया। पानी को शोधित करने के लिए लगाई गई पंपिंग मशीनरी की जांच की गई।
यूनिट के बनने के बाद फिलहाल पुराने गुरुग्राम की करीब 250 रिहायशी कॉलोनियों के अलावा सेक्टर-21, 22, 23, पालम विहार और सेक्टर-81 से 95 तक विकसित कॉलोनी, सोसाइटी को लाभ मिलेगा। इस गर्मियों में इस क्षेत्र में पेयजल संकट का सामना लोगों को नहीं करना पड़ेगा। सेक्टर-16 के बूस्टिंग स्टेशन के माध्यम से डीएलएफ के फेज-एक से पांच और सुशांत लोक-एक में पानी की दिक्कत नहीं होगी।
यूनिट के शुरू होने के बावजूद सेक्टर-55 से लेकर सेक्टर-80 तक विकसित क्षेत्रों को पर्याप्त पानी नहीं मिल सकेगा। इस क्षेत्र में सेक्टर-72 के बूस्टिंग स्टेशन से पानी पहुंचाना है, लेकिन द्वारका एक्सप्रेस वे पर करीब 600 मीटर लंबी पाइप लाइन नहीं डलने की वजह से इस बूस्टिंग स्टेशन तक पानी नहीं पहुंच पाएगा। सेक्टर-51 के बूस्टिंग स्टेशन से इन क्षेत्रों तक कुछ पानी की सप्लाई की जाएगी।