VIP No. की चाह रखने वालों के लिए शानदार मौका, गुरुग्राम में HR 26 GF तो मानेसर में लॉन्च होगी HR 76V सीरीज

अब मानेसर के निवासियों को वाहन रजिस्ट्रेशन के लिए नहीं काटने होंगे गुरुग्राम के चक्कर, मानेसर में रजिस्ट्रेशन सुविधा शुरू

VIP No. : गुरुग्राम और मानेसर क्षेत्र के वाहन मालिकों और फैंसी नंबर के शौकीनों के लिए एक बेहद शानदार खबर है। परिवहन विभाग की हिदायत और सरकारी अधिसूचना के अनुसार, आगामी 25 मई से वाहनों के पंजीकरण के लिए दो नई सीरीज की शुरुआत होने जा रही है। इस कदम से जहां एक तरफ लोग अपने पसंदीदा वीआईपी नंबर ले सकेंगे, वहीं दूसरी तरफ मानेसर के निवासियों को अब अपने वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए गुरुग्राम के चक्कर काटने से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।

गुरुग्राम में शुरू होगी ‘HR 26 GF’ सीरीज : VIP No.
गुरुग्राम के उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) एवं वाहन पंजीकरण के लिए अधिकृत रजिस्ट्रिंग अथॉरिटी हितेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार की हिदायतों के अनुसार, आगामी 25 मई से गुरुग्राम क्षेत्र के लिए ‘HR 26 GF’ नामक नई सीरीज शुरू की जा रही है। जो भी वाहन स्वामी इस नई सीरीज के तहत अपने वाहनों का पंजीकरण करवाना चाहते हैं, वे इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।


मानेसर उपमंडल को मिले नए कोड, ‘HR 76 V’ सीरीज से होगी शुरुआत : VIP No.

दूसरी ओर, मानेसर के एसडीएम एवं अधिकृत रजिस्ट्रिंग अथॉरिटी दर्शन यादव ने क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत देते हुए बताया कि परिवहन विभाग की नई अधिसूचना के माध्यम से अब उपमंडल मानेसर को स्वतंत्र रूप से ‘HR-76V’ से लेकर ‘HR-76Z’ तक के नए रजिस्ट्रेशन कोड आवंटित कर दिए गए हैं। इस फैसले के तहत आगामी 25 मई से मानेसर में पहली नई सीरीज ‘HR 76V’ आधिकारिक तौर पर शुरू होने जा रही है। अब मानेसर में ही स्थानीय स्तर पर वाहन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों को समय और भागदौड़ दोनों से बड़ी राहत मिलेगी।


ई-ऑक्शन (e-auction) के जरिए ऐसे पाएं अपना पसंदीदा फैंसी नंबर : VIP No.

दोनों ही क्षेत्रों केअधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जो भी व्यक्ति इन नई सीरीज (गुरुग्राम के लिए HR 26 GF और मानेसर के लिए HR 76V) के तहत अपनी पसंद का कोई विशेष या फैंसी नंबर लेना चाहता है, वह पूरी तरह से ऑनलाइन प्रक्रिया को अपनाते हुए इसके लिए दावेदारी कर सकता है।

VIP No. के इच्छुक वाहन मालिक परिवहन विभाग की आधिकारिक ई-ऑक्शन वेबसाइट/यूआरएल https://fancy.parivahan.gov.in/fancy/faces/public/login.xhtml पर जाकर लॉगिन कर सकते हैं और ऑनलाइन ‘e-auction’ (इलेक्ट्रॉनिक बोली) के माध्यम से अपनी पसंद का नंबर सुरक्षित कर सकते हैं। अधिकारियों ने इस नई सीरीज का लाभ उठाने और समय पर आवेदन करने की अपील की है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button