GMDA Plan : गुरुग्राम में बनेंगे 5 एलिटेवेट कॉरिडोर, 7 फ्लाइओवर-अंडरपास, GMDA ने तैयार किया प्लान

GMDA Plan : गुरुग्राम की 51 सड़कों को नए सिरे से बनाने की योजना तैयार की जा रही है । GMDA इन सड़कों पर आने वाले समय में 386 करोड़ रुपए खर्च करेगा । इनमें शहर की कई सड़कों पर निर्माण होना है । इसको लेकर जीएमडीए के अधिकारियों ने गुरुग्राम नगर निगम के पार्षदों के साथ बैठक कर जानकारी साझा की है ।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने अवसंरचना विकास रोडमैप प्रस्तुत करते हुए बताया कि शहर में कनेक्टिविटी मजबूत करने और निर्बाध सड़क नेटवर्क विकसित करने के लिए लगभग 386 करोड़ रुपये की लागत वाली 51 प्रमुख सड़क अवसंरचना परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें से 12 कार्य आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि 39 परियोजनाएं वर्तमान में आवंटन प्रक्रिया में हैं।

5 एलिवेटेड कॉरिडोर, सात फ्लाइओवर और अंडरपास बनेंगे

पीसी मीणा ने बताया कि शहर में सिग्नल-फ्री कॉरिडोर विकसित करने और यात्रियों के यात्रा समय को कम करने के उद्देश्य से पांच एलिवेटेड कॉरिडोर और सात फ्लाईओवर एवं अंडरपास विकसित करने की योजना बनाई गई है । प्रस्तावित प्रमुख परियोजनाओं में एनएच-48 से वाटिका चौक, राजीव चौक से अतुल कटारिया चौक, महावीर चौक से इफको चौक तथा अतुल कटारिया चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक मोबिलिटी सुधार कार्य शामिल हैं।

मानसून तैयारी, ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण और हरित अवसंरचना प्रमुख फोकस

बैठक में पार्षदों को मानसून से पूर्व शहरभर में किए जा रहे ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण एवं डी-सिल्टिंग कार्यों की जानकारी भी दी गई। लेग-4 ड्रेन, नरसिंहपुर ड्रेन, ताऊ देवी लाल स्टेडियम ड्रेन तथा सेक्टर 68–75, 76–80 और 112–115 में चल रही ड्रेनेज परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया गया। जीएमडीए अधिकारियों ने बताया कि शहरभर में गहन डी-सिल्टिंग कार्यों के लिए 200 से अधिक मैनपॉवर तैनात किए गए हैं।

जनप्रतिनिधियों द्वारा जलभराव की समस्या उठाए जाने पर जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने दीर्घकालिक समाधान के रूप में गुरुग्राम में 20–25 रिटेंशन पॉन्ड विकसित करने का प्रस्ताव रखा। ग्रीन बेल्ट विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि शहरभर में हरित क्षेत्रों को अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित जंगली पेड-पोधे से मुक्त कराने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई ग्रीन बेल्ट को नीचे कर “ग्रीन ड्रेन” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे मानसून के दौरान वर्षा जल निकासी सुचारू रूप से हो सके।

जीएमडीए अधिकारियों ने यह भी बताया कि लोटस वैली स्कूल रोड, गुरुग्राम यूनिवर्सिटी स्कूल रोड, एसपीआर, सुभाष चौक और अतुल कटारिया चौक सहित कई स्थानों पर मलबा हटाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) अपशिष्ट के अवैध डंपिंग को रोकने के लिए संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा सी एंड डी सामग्री के पुनः उपयोग के लिए एक समर्पित पोर्टल भी विकसित किया जाएगा।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने पार्षदों को शहर में खेल एवं सामाजिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की भी जानकारी दी। इनमें ताऊ देवी लाल स्टेडियम का उन्नयन, सेक्टर-15 के साथ स्पोर्ट्स बेल्ट का विकास तथा सेक्टर-52ए स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में लाइब्रेरी सह एम्फीथिएटर की स्थापना शामिल है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button