Gangs Of Gurugram : गुरुग्राम में गैंगवॉर ! स्क्रैप कारोबार को लेकर जमकर हुई फायरिंग, कई गाड़ियां तोड़ीं

Gangs Of Gurugram : गुरुग्राम में स्क्रैप कारोबार के टेंडर को लेकर दो गैंग के बीच जमकर गोलीबारी हो गई । घटना बुधवार सुबह सुबह बिलासपुर एरिया में एक कंपनी के बाहर हुई जिसमें दो पक्षों के बीच ना केवल दनादन गोलियां चलीं बल्कि कई गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की गई । इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया हालांकि गुरुग्राम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच घंटों में ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया ।
बिलासपुर इंडस्ट्रियल एरिया में हुई गोलीबारी
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह बिलासपुर इंडस्ट्रियल एरिया में अंसल पायनियर सिटी प्रोजेक्ट की साइट पर स्क्रैप की लोडिंग अनलोडिंग के काम को लेकर दो गुट आमने सामने आ गए । दोनों पक्षों के बीच इस कद्र विवाद बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे के लोगों पर जमकर गोलियां चलाईं । इतना ही नहीं मौके पर खड़ी लगभग 6 गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की गई और गाड़ियों से एक दूसरे की गाड़ियों में टक्कर मारी गई ।
10 राउंड से ज्यादा हुई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लगभग 10 राउंड गोलियां चली । दनादन चलीं गोलियों की वजह से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल हो गया । लगभग आधे घंटे तक बीच सड़क ही सरेआम ये संघर्ष चलता रहा । आम नागरिकों ने इसकी सूचना तुरंत ही गुरुग्राम पुलिस को डायल 112 पर दी लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी अपनी अपनी गाड़ियां मौके पर छोड़कर ही फरार हो गए ।
मौके पर मिले गोली के खोल और टूटी गाड़ियां
जब गुरुग्राम पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची तो मौके पर पुलिस को लगभग 6 गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली । कई गाड़ियों में तो गाड़ियों से टक्कर मारी गई थीं जबकि कई गाड़ियों के शीशे ईंट पत्थर से तोड़ी गई थीं । पुलिस को मौके से गोलियों के खोल भी बरामद हुई हैं । जानकारी ये भी मिली कि दोनों पक्षों के कई लोग इस खूनी झड़प में घायल भी हुए हैं ।
पुलिस ने पांच घंटे में ही धर दबोचा
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची । सूचना मिली थी कि अंसल पायनियर सिटी के प्रोजेक्ट पर गोलियां चली हैं । मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरु की । प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि घटना के पांच घंटों के भीतर ही झगड़े के मुख्य आरोपी समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया ।
दूसरी कंपनी को ठेका देने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार तावडू के रहने वाले बिजेन्द्र राठी का अंसल पायनियर सिटी में स्क्रैप लोडिंग अनलोडिंग का ठेका था लेकिन कंपनी ने ये ठेका किसी दूसरी कंपनी को दे दिया जिसके बाद बिजेन्द्र राठी और नई कंपनी के लोगों के बीच ये विवाद हुआ और विवाद में फायरिंग और तोड़फोड़ शुरु हो गई ।