Fazilpuriya Firing Case : SPR रोड फायरिंग मामले में पहला आरोपी गिरफ्तार, रेकी कर साथियों को दी थी जानकारी

गाँव फाजिलपुर से अपनी 'थार' गाड़ी से बहरामपुर रोड से SPR रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान, SPR रोड पर एक सफेद रंग की टाटा पंच कार में सवार व्यक्तियों ने उस पर गोली चलाई।

Fazilpuriya Firing Case – गुरुग्राम के SPR रोड पर दो दिन पहले कार सवार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हत्या की नीयत से गोली चलाने की वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस घटना में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने वारदात को अंजाम देने से पहले पीड़ित के आने-जाने वाले रास्तों और ठिकानों की गहन ‘रेकी’ की थी।

घटना दिनांक 14 जुलाई 2025 की शाम करीब 05:50 बजे की है। पुलिस थाना बादशाहपुर, गुरुग्राम को SPR रोड पर फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को घटनास्थल से एक लोहे का पोल मिला, जिस पर गोली लगने का निशान स्पष्ट था, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि वह 14 जुलाई की शाम करीब 05:50 बजे अपने घर गाँव फाजिलपुर से अपनी ‘थार’ गाड़ी से बहरामपुर रोड से SPR रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान, SPR रोड पर एक सफेद रंग की टाटा पंच कार में सवार व्यक्तियों ने उस पर गोली चलाई।

गोली पीड़ित को न लगकर साइड में लगे एक पोल पर जा लगी। गोली चलाने के बाद हमलावर उसी टाटा पंच कार में सवार होकर फरार हो गए। इस शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बादशाहपुर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग (FIR) अंकित किया गया।

गुरुग्राम पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को काबू करने के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया और उन्हें विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। इसी कार्रवाई के तहत, निरीक्षक अमित कुमार, इंचार्ज अपराध शाखा सेक्टर-40, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में संलिप्त एक आरोपी को 16 जुलाई 2025 को हरियाणा के सोनीपत से सफलतापूर्वक काबू कर लिया। आरोपी की पहचान विशाल (उम्र 25 वर्ष) निवासी जाजल, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है, जिसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी विशाल से की गई प्रारम्भिक पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। ज्ञात हुआ है कि विशाल ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात में पीड़ित के आने-जाने के समय, रुकने के स्थान और अन्य ठिकानों की गहन ‘रेकी’ की थी। इस ‘रेकी’ के लिए वह कई बार गुरुग्राम आया और अलग-अलग गेस्ट हाउस में ठहरा था। वारदात के दिन भी विशाल ने गुरुग्राम में पीड़ित की ‘रेकी’ करते हुए उसकी सटीक जानकारी अपने अन्य साथियों को दी थी, जिसके आधार पर उसके साथियों ने गोली चलाने की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ है कि इस वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई टाटा पंच कार, जिसे पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है, उसे किराए पर लेने के कार्य में भी विशाल अपने अन्य साथी के साथ संलिप्त रहा था।

पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार आरोपी विशाल से उसके अन्य साथी आरोपियों और संभावित अन्य वारदातों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले की तह तक जाएंगे और सभी आरोपियों को जल्द ही कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।


Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button
Created with ❤