Faridabad News: हरियाणा में 6 हजार परिवार होंगे घर से बेघर, प्रशासन ने भेजा नोटिस चलेगा बुलडोजर
हरियाणा के फरीदाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां नगर निगम और वन विभाग बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां नगर निगम और वन विभाग बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। फरीदाबाद की अरावली पर्वत श्रृंखला में प्रशासन ने 6,000 मकानों पर बुलडोजर चलाने के लिए मकान मालिकों को नोटिस भेजा है। प्रशासन ने सभी मकान मालिकों को अवैध निर्माण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया है।
कुछ इलाकों में बुलडोजर चलाने की कार्रवाई

प्रशासन ने नोटिस में कहा कि अगर तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जिला प्रशासन बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की कार्रवाई करेगा। प्रशासन ने कुछ इलाकों में बुलडोजर चलाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है, जिसमें तोड़फोड़ के लिए छह बुलडोजर लगाए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के अरावली से अवैध निर्माण हटाने के आदेश के बाद चल रही है।
चार गांवों में 6793 अवैध निर्माण मिले

बता दें कि अरावली पर्वत श्रृंखला में अनंगपुर, आंखीर, लकड़पुर और मेवला महाराजपुर गांवों में सबसे ज्यादा अवैध निर्माण हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन चारों गांवों में 6793 अवैध निर्माण पाए गए हैं। जिला प्रशासन ने इनकी पूरी सूची तैयार कर ली है और इन्हें नोटिस जारी कर दिए गए हैं।
6000 से अधिक अवैध निर्माणों को नोटिस

वन विभाग ने भी पूरे क्षेत्र का सर्वे कराया था, जिसमें बताया गया था कि करीब 6000 अवैध निर्माण हुए हैं। साल की शुरुआत में फिर से वन विभाग ने सभी 700 जगहों पर 6000 से अधिक अवैध निर्माणों को नोटिस दिया, जिसके बाद इनमें से सिर्फ 50 को ही गिराया गया है।










