Protesters Arrest : VIP सुरक्षा व्यवस्था में काफिला रोकने का प्रयास करने के मामले में 08 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील, सुरक्षा नियमों का पालन करें — गुरुग्राम पुलिस

Protesters Arrest/गुरुग्राम
अति विशिष्ट मेहमान (VIP) के गुरुग्राम आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान डालने एवं सरकारी ड्यूटी में बाधा उत्पन्न करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 08 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है।
Protesters Arrest : मिली जानकारी के अनुसार, कल अति विशिष्ट मेहमान के गुरुग्राम आगमन के मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस द्वारा VIP सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत व्यापक एवं समुचित पुलिस प्रबंध किए गए थे। तय कार्यक्रम के दौरान मार्ग पर एक राजनीतिक दल के कुछ लोगों द्वारा निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करते हुए प्रदर्शन की मर्यादा का उल्लंघन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने अति विशिष्ट मेहमान के काफिले के सामने अचानक आकर उसे रोकने का प्रयास किया। जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने और रोकने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इसके परिणामस्वरूप मौके पर कानून-व्यवस्था एवं VIP सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई।
Protesters Arrest : पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया और प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी। इसके बावजूद कुछ व्यक्तियों द्वारा VIP सुरक्षा में गंभीर व्यवधान डालने का प्रयास जारी रखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिविल लाइन्स, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कानूनी कार्यवाही अमल में लाते हुए संबंधित धाराओं (BNS) के तहत मामला दर्ज किया और घटनाक्रम में शामिल 08 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
Protesters Arrest : गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की पहचान:
नीरज यादव पुत्र वीरेंद्र (निवासी मानेसर)
शिव पुत्र धर्मपाल (निवासी घटोला)
निखिल पुत्र प्रवीण (निवासी भिवानी)
अनुज पुत्र देवेंद्र (निवासी कन्हई)
हरकेश पुत्र बनवारी लाल (निवासी फिरोज गांधी कॉलोनी)
अमन पुत्र रामभगत (निवासी पटौदी चौक, मनोहर नगर)
राजीव यादव पुत्र रामकिशन (निवासी कृष्णा नगर)
हरेन्द्र (निवासी तावडू, जिला मेवात)
Protesters Arrest : गुरुग्राम पुलिस की अपील
मामले पर गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करती है। हालांकि, प्रदर्शन की आड़ में कानून-व्यवस्था भंग करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, सार्वजनिक मार्ग या VIP सुरक्षा को प्रभावित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस ने आमजन और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अपना विरोध निर्धारित कानूनी प्रक्रिया व शांतिपूर्ण तरीके से ही दर्ज कराएं।
