Dwarka Expressway का होगा विस्तार: मायापुरी और गुरुग्राम के बीच का सफर होगा और आसान
वर्तमान में 29 किलोमीटर लंबा द्वारका एक्सप्रेसवे गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास से शुरू होकर दिल्ली के बिजवासन और द्वारका से होते हुए महिपालपुर के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर आकर मिलता है।

Dwarka Expressway : दिल्ली-एनसीआर में रोजाना सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों और खासकर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) आने-जाने वाले लोगों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। करीब 9,000 करोड़ रुपये की लागत से बने देश के पहले 8-लेन एलिवेटेड ‘द्वारका एक्सप्रेसवे’ (Dwarka Expressway) को अब दिल्ली के मायापुरी रिंग रोड तक विस्तारित करने का एक बड़ा प्रस्ताव तैयार किया गया है।
दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली संस्था ‘दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ (DIAL) ने यह नया ट्रैफिक मास्टर प्लान तैयार किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य एयरपोर्ट के आसपास और महिपालपुर के पास लगने वाले भयंकर ट्रैफिक जाम को पूरी तरह से समाप्त करना है।
वर्तमान में 29 किलोमीटर लंबा द्वारका एक्सप्रेसवे गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास से शुरू होकर दिल्ली के बिजवासन और द्वारका से होते हुए महिपालपुर के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर आकर मिलता है।
समस्या तब खड़ी होती है जब एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मर्ज होते हैं। इस पॉइंट पर वाहनों का भारी दबाव होने के कारण द्वारका एक्सप्रेसवे की करीब 3 किलोमीटर लंबी टनल (सुरंग) में लंबा जाम लग जाता है। स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि वाहन चालकों को सुरंग के भीतर ही 15 से 20 मिनट तक फंसे रहना पड़ता है।
इस समस्या से निजात पाने के लिए डायल (DIAL) ने एक विशेषज्ञ कंपनी को ट्रैफिक सर्वे और समाधान योजना तैयार करने का जिम्मा सौंपा था, जिसने अब यह विस्तार प्रस्ताव पेश किया है।
यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो दिल्ली-गुरुग्राम के ट्रैफिक इंफ्रास्ट्रक्चर की तस्वीर बदल जाएगी। प्रस्ताव के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं द्वारका एक्सप्रेसवे को आगे बढ़ाकर सीधे मायापुरी रिंग रोड से जोड़ा जाएगा। इससे रिंग रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को महिपालपुर के पास रुकना नहीं पड़ेगा। गुरुग्राम के रेजांगला चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे को एक नए फ्लाईओवर के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
ट्रैफिक को डायवर्ट करने के लिए रंगपुरी बाईपास का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, एलिवेटेड रोड बनाकर बारापुला और यूईआर-2 (Urban Extension Road-II) का विस्तार किया जाएगा। तालकटोरा को सीधे बारापुला से जोड़ने के लिए एक नई लिंक रोड बनाने की सिफारिश की गई है। गुरुग्राम की परिधि में ‘ग्रेटर एसपीआर’ (Southern Peripheral Road) का निर्माण करने का भी सुझाव दिया गया है।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे ट्रैफिक प्लान और द्वारका एक्सप्रेसवे के विस्तार के प्रस्ताव को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है, जिसमें इस पर आगे की रणनीति और वित्तीय मंजूरी को लेकर चर्चा होगी।
एक तरफ जहां दिल्ली की तरफ एक्सप्रेसवे को बढ़ाने की तैयारी है, वहीं दूसरी तरफ गुरुग्राम के भीतर भी सड़कों को चमकाने का काम शुरू होने वाला है। जीएमडीए (GMDA) ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्थित बसई गांव से लेकर महाराजा अग्रसेन चौक होते हुए इफको चौक (Iffco Chowk) तक की करीब 9 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क की विशेष मरम्मत का खाका तैयार किया है।
इस पूरी सड़क के जीर्णोद्धार, फुटपाथ और बरसाती नाले के निर्माण पर लगभग 52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जीएमडीए ने इसके टेंडर को मंजूरी के लिए उच्च स्तरीय कार्य समिति (High-Powered Works Committee) के पास भेज दिया है। मुख्यमंत्री की अंतिम हरी झंडी मिलते ही इसका काम शुरू हो जाएगा, जिससे गुरुग्राम की करीब 100 सेक्टर्स और सोसाइटियों में रहने वाले लाखों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।