DLF में अब निकला ‘छोटा बुलडोज़र’ स्टिल्ट प्लस 4 बिल्डिंगों में तोड़फोड़ शुरु, अगला नंबर कहीं आपका तो नहीं ?

DLF : गुरुग्राम के डीएलएफ फेस 3 इलाके में एक बार फिर से बुलडोज़र कार्रवाई शुरु कर दी गई है । डीएलएफ इलाके में स्टिल्ट प्लस 4 इमारतों के अंदर किए गए अवैध निर्माणों को तोड़ने के लिए डीटीपी विभाग ने अब अपना छोटा पीला पंजा चलाना शुरु कर दिया है । शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी छोटे पीले पंजे ने कई इमारतों के अंदर किए गए अवैध निर्माणो को तोड़ा ।
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन (डीटीपीई) गुरुग्राम द्वारा शनिवार को डीएलएफ फेज-3 के एस ब्लॉक में रेस्टोरेशन एवं सीलिंग अभियान दूसरे दिन भी लगातार जारी रखा गया। डीटीपीई अमित माधोलिया के नेतृत्व में पुलिस बल एवं जिला प्रशासन की मौजूदगी में टीम ने स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अवैध निर्माणों, अवैध सर्वेंट क्वार्टर, गार्ड रूम तथा स्वीकृत भवन योजना के विपरीत किए गए निर्माणों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान एस-15/5 स्थित भवन की स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए अवैध निर्माण तथा दो सर्वेंट क्वार्टर ध्वस्त किए गए। एस-15/7 में स्टिल्ट पार्किंग के 75 प्रतिशत से अधिक हिस्से पर किए गए अवैध निर्माण को हटाते हुए तीन सर्वेंट रूम, एक किचन, दो शौचालय, दो बाथरूम तथा एक स्टोर को छोटे जेसीबी (पीले पंजे) की सहायता से ध्वस्त किया गया।
एस-15/18 स्थित भवन में स्टिल्ट पार्किंग में बने अवैध सर्वेंट क्वार्टर को सील किया गया। एस-14/7 में स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए चार सर्वेंट रूम, एक टीवी लाउंज तथा एक शौचालय का आंशिक रूप से ध्वस्तीकरण किया गया। शेष अवैध निर्माण को स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में निर्माण नहीं हटाने पर भवन स्वामी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
एस-16/7 में स्टिल्ट पार्किंग में बने अवैध सर्वेंट क्वार्टर तथा विस्तारित लिफ्ट लॉबी को ध्वस्त किया गया। एस-16/8 में स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए चार अवैध सर्वेंट क्वार्टर एवं एक शौचालय को हटाया गया। एस-13/14 में चार अवैध गार्ड रूम एवं एक शौचालय को ध्वस्त किया गया।
एस-13/18 में स्टिल्ट पार्किंग में बने अवैध सर्वेंट रूम हटाए गए, जबकि पांचवीं मंजिल पर बनाए गए दो कमरों एवं लॉबी को सील किया गया। एस-13/20 में स्टिल्ट पार्किंग में बने दो अवैध सर्वेंट रूम एवं शौचालय ध्वस्त किए गए।
इसके अतिरिक्त एस-11/5 स्थित भवन में स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए चार अवैध कमरों के साथ-साथ पीछे बनाया गया अवैध प्रवेश द्वार (बैक एंट्री) सील किया गया। एस-11/6 में चार अवैध सर्वेंट क्वार्टर सील किए गए। एस-11/7 में स्टिल्ट पार्किंग में बने तीन अवैध कमरे, तीन शौचालय तथा बेसमेंट में संचालित कार्यालय को सील किया गया। वहीं एस-11/2 में स्टिल्ट पार्किंग में बने तीन अवैध सर्वेंट रूम भी सील किए गए।
पूरी कार्रवाई एक नजर में:-
– एस-15/5 : स्टिल्ट पार्किंग का अवैध निर्माण एवं दो सर्वेंट क्वार्टर ध्वस्त।
– एस-15/7 : तीन सर्वेंट रूम, एक किचन, दो शौचालय, दो बाथरूम एवं एक स्टोर ध्वस्त।
– एस-15/18 : स्टिल्ट पार्किंग में बने अवैध सर्वेंट क्वार्टर सील।
– एस-14/7 : चार सर्वेंट रूम, एक टीवी लाउंज एवं एक शौचालय का आंशिक ध्वस्तीकरण, शेष हटाने के निर्देश।
– एस-16/7 : अवैध सर्वेंट क्वार्टर एवं विस्तारित लिफ्ट लॉबी ध्वस्त।
– एस-16/8 : चार अवैध सर्वेंट क्वार्टर एवं एक शौचालय ध्वस्त।
– एस-13/14 : चार गार्ड रूम एवं एक शौचालय ध्वस्त।
– एस-13/18 : अवैध सर्वेंट रूम ध्वस्त, पांचवीं मंजिल के दो कमरे एवं लॉबी सील।
– एस-13/20 : दो सर्वेंट रूम एवं शौचालय ध्वस्त।
– एस-11/5 : चार अवैध कमरे एवं बैक एंट्री सील।
– एस-11/6 : चार सर्वेंट क्वार्टर सील।
– एस-11/7 : तीन कमरे, तीन शौचालय एवं बेसमेंट कार्यालय सील।
– एस-11/2 : तीन अवैध सर्वेंट रूम सील।
जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन), टाउन एंड कंट्री प्लानिंग गुरुग्राम अमित मधोलिया ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अवैध निर्माण, स्वीकृत भवन योजना के विपरीत निर्माण तथा अन्य अनधिकृत गतिविधियों के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। न्यायालय में मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को निर्धारित है, जिसके लिए विभाग द्वारा कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी ।