DTP Action : गुरुग्राम में आज से चलेगा ‘महातोड़फोड़’ अभियान, Stilt +4 इमारतें निशाने पर

DTP Action : जिला नगर योजनाकार इनफोर्समेंट (DTPE) विभाग ने गुरुग्राम की लाइसेंस कॉलोनियों में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। विभाग की ओर से जारी एक सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, अब रिहायशी प्लॉटों के स्टिल्ट फ्लोर (Stilt Floor) का गलत इस्तेमाल करने वालों और सड़क के राइट ऑफ वे (RoW) पर कब्जा करने वालों पर कानूनी गाज गिरेगी।
कोर्ट के आदेश के बाद विभाग सख्त
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा ‘सुनील सिंह बनाम हरियाणा राज्य’ मामले में स्टिल्ट+4 फ्लोर पॉलिसी पर रोक लगाने और 2 अप्रैल 2026 के आदेशों के बाद, हरियाणा सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी संदर्भ में 16 अप्रैल 2026 को जारी सरकारी निर्देशों के तहत गुरुग्राम में यह कार्रवाई शुरू की गई है ।
इन गतिविधियों पर लगी तत्काल रोक
DTP इंफोर्समेंट द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि अवैध गतिविधियों को तुरंत बंद करना होगा
सड़कों पर अतिक्रमण : आंतरिक सड़कों के राइट ऑफ वे (RoW) पर बनाए गए अवैध ग्रीन एरिया, लॉन, लैंडस्केप एरिया और बाउंड्री वॉल को तुरंत हटाना होगा।
स्टिल्ट फ्लोर का दुरुपयोग : रिहायशी प्लॉटों में स्टिल्ट पार्किंग एरिया का उपयोग ऑफिस, स्टोर या रहने के लिए करना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अवैध निर्माण : स्टिल्ट फ्लोर में किए गए किसी भी प्रकार के अनधिकृत निर्माण को हटाकर उसे स्वीकृत बिल्डिंग प्लान के अनुसार बहाल करना होगा।

RWA और डेवलपर्स को भी निर्देश
यह आदेश केवल व्यक्तिगत मकान मालिकों के लिए ही नहीं, बल्कि सभी कॉलोनाइजरों, डेवलपर्स और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWAs) के लिए भी अनिवार्य है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि इन निर्देशों का पालन तुरंत नहीं किया गया, तो विभाग खुद इन अवैध निर्माणों को ढहा देगा और इसका खर्च भी उल्लंघनकर्ताओं से वसूला जाएगा।
होगी दंडात्मक कार्रवाई
नोटिस में साफ कहा गया है कि आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे शहर की योजनाबद्ध संरचना को बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण से बचें।
आज से होगी बुलडोज़र कार्रवाई
DTPE अमित मधोलिया ने बताया कि पूरे गुरुग्राम की लाइसेंसी कॉलोनियों में आज यानि कि 18 अप्रैल से तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा । 22 अप्रैल को माननीय कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी है । गुरुग्राम में अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए 8 टीमों का गठन किया गया है जो कि एक साथ पूरे गुरुग्राम में अभियान चलाएगी । (DTP Action)
संपर्क और जानकारी
किसी भी स्पष्टीकरण के लिए नागरिक विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं :
पता: तीसरी मंजिल, हुडा कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-14, गुरुग्राम।
फोन: 0124-2223749।
ईमेल: dtpenf5.gurugram.tcp@gmail.com